अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम अल्लीपुर में बुजुर्गों का सम्मान
ब्यूरो चीफ आर. एल. पाण्डेय
हरदोई। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान द्वारा संचालित वयोश्रेष्ठ मन्दिरम् (वृद्धाश्रम), अल्लीपुर, हरदोई में विशेष सम्मान एवं जागरूकता समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृद्धाश्रम में निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी हरदोई राहुल पांडे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्यडवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव, डीसी मनरेगा संतोष कुमार सिंह, निधि वर्मा जी विकास अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी बाबन राम प्रकाश मौजूद रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों को फूल-मालाएं पहनाकर, अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी बुजुर्गों को वस्त्र, मिष्ठान और फल भी वितरित किए गए।
बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर: डीएम
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राहुल पांडे ने वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को दिशा मिलती है और समृद्ध समाज की नींव मजबूत होती है। उन्होंने प्रशासन की ओर से बुजुर्गों के स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्यडवाल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और सम्मान करना सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के लिए संस्था द्वारा की जा रही सेवाओं की सराहना की।

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
विशिष्ट अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और पेंशन सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र बुजुर्गों को उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान के निदेशक डॉ. शीर्षेन्दु शील त्रिवेदी ‘विपिन’ ने संस्थान की गतिविधियों और वृद्धाश्रम की सेवाओं का परिचय देते हुए अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत किया।
पौधरोपण के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने वृद्धाश्रम परिसर में पौधरोपण भी किया। आश्रम प्रबंधक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आश्रम में निवास कर रहे बुजुर्गों की सेवा, देखभाल और सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
समारोह का समापन वृद्धजनों के लिए आयोजित विशेष प्रीतिभोज और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
