लखनऊ में होगा ELECRAMA 2027 का प्रीव्यू, इलेक्ट्रिकल और पावर इंडस्ट्री के दिग्गज जुटेंगे

20 से 24 फरवरी 2027 तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा आयोजन; 1,100 से अधिक प्रदर्शक कंपनियों और करीब पांच लाख आगंतुकों के पहुंचने का अनुमान

 
लखनऊ में होगा ELECRAMA 2027 का प्रीव्यू, इलेक्ट्रिकल और पावर इंडस्ट्री के दिग्गज जुटेंगे

लखनऊ, 4 नवंबर। देश के इलेक्ट्रिकल और पावर सेक्टर में तकनीकी नवाचार, औद्योगिक विकास और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (IEEMA) लखनऊ में ELECRAMA 2027 का प्रीव्यू आयोजित करने जा रहा है। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय उद्योग जगत के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और विभिन्न स्टेकहोल्डर्स एक मंच पर जुटेंगे। इस दौरान इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी नवाचार और तेजी से बदलते पावर सेक्टर की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा।

IEEMA की ओर से आयोजित ELECRAMA 2027 का आयोजन 20 से 24 फरवरी 2027 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में किया जाएगा। इस संस्करण की थीम ‘Harnessing the Power of I’ रखी गई है। आयोजकों के अनुसार, यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसमें 1,100 से अधिक प्रदर्शक कंपनियों के शामिल होने की उम्मीद है, जबकि करीब पांच लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।

आयोजन के दौरान 25 हजार से अधिक बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके अलावा 500 से ज्यादा आमंत्रित खरीदारों की भागीदारी और 10 से अधिक देशों के पवेलियन भी आकर्षण का केंद्र होंगे। IEEMA के प्रेसिडेंट (इलेक्ट) एवं ELECRAMA 2027 के चेयरमैन हरटेक सिंह ने कहा कि ELECRAMA दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिकल शो और इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम का प्रमुख मंच है। यह आयोजन वैश्विक उद्योग जगत को एक साथ लाकर नवाचार, सहयोग और नए व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देगा।

उन्होंने कहा कि भारत अपने पावर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और ऊर्जा परिवर्तन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में यह आयोजन भारतीय उद्योग की क्षमताओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वहीं, IEEMA उत्तरी क्षेत्र के चेयरमैन इम्तियाज सिद्दीकी ने कहा कि भारत के इलेक्ट्रिकल और पावर सेक्टर में उत्तरी क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों के बीच लखनऊ में आयोजित होने वाला प्रीव्यू क्षेत्रीय उद्योग जगत को अपनी क्षमताओं और संभावनाओं को सामने रखने का अवसर देगा।

उन्होंने बताया कि जर्मनी के पार्टनर देश के रूप में शामिल होने से ELECRAMA 2027 को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। इससे भारतीय उद्योग को वैश्विक बाजारों से जुड़ने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि वर्ष 1948 में स्थापित IEEMA भारत में इलेक्ट्रिकल, इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स और संबंधित उपकरणों के निर्माताओं का शीर्ष संगठन है। यह बिजली उत्पादन, पारेषण और वितरण उपकरणों से लेकर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र तक की पूरी वैल्यू चेन का प्रतिनिधित्व करता है।

Tags