यूपी में बिजली शिकायतों के निस्तारण में तेजी, अक्टूबर में 95.63% शिकायतों का समाधान

पांचों डिस्कॉम ने मिलकर 7.09 लाख शिकायतों का किया निस्तारण, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम सबसे आगे

 
यूपी में बिजली शिकायतों के निस्तारण में तेजी, अक्टूबर में 95.63% शिकायतों का समाधान

लखनऊ, 12 नवंबर। उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के तहत अक्टूबर महीने में शिकायतों के निस्तारण का आंकड़ा 95.63 प्रतिशत तक पहुंच गया। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के अनुसार, प्रदेश के पांचों विद्युत वितरण निगमों में अक्टूबर के दौरान करीब 7.41 लाख शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 7,09,038 शिकायतों का निस्तारण किया गया।

डिस्कॉमवार आंकड़ों के मुताबिक, शिकायतों के समाधान में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड सबसे आगे रहा। यहां करीब 2.54 लाख शिकायतों का निस्तारण किया गया। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में लगभग 1.33 लाख, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम में 1.41 लाख और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में करीब 1.12 लाख शिकायतों का समाधान हुआ। वहीं, कानपुर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी (केस्को) ने 66 हजार से अधिक शिकायतों का निस्तारण किया।

बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक

अक्टूबर महीने में पांचों डिस्कॉम में सबसे ज्यादा शिकायतें बिजली आपूर्ति से संबंधित दर्ज की गईं। इसके अलावा उपभोक्ताओं ने बिजली सेवाओं से जुड़ी अन्य समस्याओं की भी शिकायत की। यूपीपीसीएल की ओर से इन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही शिकायतों का समाधान उपभोक्ताओं की संतुष्टि के आधार पर सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

कंट्रोल रूम से शिकायतों की प्रतिदिन निगरानी

शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए सभी कंट्रोल रूम और विशेष रूप से मास्टर कंट्रोल रूम में प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। इसके जरिए लंबित शिकायतों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि बिजली उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े और उन्हें समयबद्ध तरीके से राहत मिल सके।

1912 नंबर और वेबसाइट से दर्ज करें शिकायत

बिजली संबंधी समस्याओं के लिए उपभोक्ता टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा यूपीपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध '1912 शिकायत पंजीकरण' विकल्प के माध्यम से भी घर बैठे ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है।

डिजिटल माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के साथ उसके निस्तारण की स्थिति पर भी नजर रखी जा सकती है। यूपीपीसीएल की ओर से बिजली सेवाओं को अधिक उपभोक्ता-केंद्रित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

Tags