ऊर्जा आपूर्ति मजबूत बनाने पर जोर, लखनऊ में पीएनजीआरबी के राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ
लखनऊ। देश में ऊर्जा आपूर्ति को अधिक सुरक्षित, सुगम और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के तृतीय राष्ट्रीय प्राकृतिक गैस एवं पेट्रोलियम उत्पाद अवसंरचना सम्मेलन का लखनऊ में शुभारंभ हुआ। ‘ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अवसंरचना को सुदृढ़ बनाना’ विषय पर आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में अधिक से अधिक घरों तक पाइप से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) पहुंचाने और आपूर्ति में व्यवधान की स्थिति में भी ऊर्जा उपलब्धता बनाए रखने के लिए पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार एवं मजबूती पर जोर दिया गया।
पीएनजीआरबी के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जैन ने अपने संबोधन में शहरी गैस वितरण कंपनियों से राष्ट्रीय पीएनजी अभियान 3.0 के तहत पाइपलाइन बिछाने, नए घरों को कनेक्शन देने और पहले से कनेक्शन प्राप्त घरों में गैस आपूर्ति शुरू करने की प्रक्रिया तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घरेलू पीएनजी के विस्तार के लिए निरंतर निवेश जरूरी है। स्थापित शहरी गैस वितरण कंपनियों के अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने इस दिशा में तेजी से काम करने की आवश्यकता बताई।

डॉ. जैन ने कहा कि ‘माय पीएनजी’ पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की लोकेशन संबंधी जानकारी के आधार पर कंपनियां उन क्षेत्रों की पहचान कर सकती हैं, जहां गैस नेटवर्क का विस्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने उपभोक्ताओं को पीएनजी अपनाने के लिए प्रेरित करने में प्रतिस्पर्धी कीमतों और बेहतर सेवाओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
पाइपलाइन नेटवर्क की प्रमुख कड़ियां जल्द पूरी करने पर जोर
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन संबोधन में भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव डॉ. नीरज मित्तल ने पाइपलाइन परियोजनाओं और नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ियों को शीघ्र पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रमुख मांग केंद्रों को एक से अधिक मार्गों के जरिए गैस आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सकेगी।
उन्होंने शहरी गैस वितरण कंपनियों से राष्ट्रीय पीएनजी अभियान 3.0 के तहत अंतिम छोर तक गैस पहुंचाने का काम तेज करने और उपभोक्ताओं तथा नेटवर्क से जुड़े आंकड़ों को ‘माय पीएनजी’ पोर्टल से जोड़ने का आग्रह किया।
ऊर्जा सुरक्षा के लिए पांच प्राथमिकताएं बताईं
मुख्य वक्तव्य में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष ए.एस. साहनी ने हाल के वैश्विक आपूर्ति व्यवधानों से मिले अनुभवों के आधार पर ऊर्जा सुरक्षा के लिए पांच प्रमुख प्राथमिकताएं सामने रखीं।
इनमें रिफाइनरियों को विभिन्न प्रकार के कच्चे तेल के प्रसंस्करण में सक्षम बनाना, रणनीतिक भंडारण क्षमता बढ़ाना, अधिकृत प्राकृतिक गैस और पेट्रोलियम उत्पाद पाइपलाइन परियोजनाओं को जल्द पूरा करना, एलएनजी के आपूर्ति स्रोतों में विविधता लाने के साथ उपभोक्ताओं तक गैस नेटवर्क का विस्तार करना तथा दीर्घकालिक निवेश के लिए स्पष्ट और स्थिर विनियामक ढांचा उपलब्ध कराना शामिल है।
उन्होंने पीएनजीआरबी की एकीकृत टैरिफ व्यवस्था के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही कहा कि नई ऊर्जा अवसंरचना तैयार करते समय संपीड़ित बायोगैस और हाइड्रोजन जैसे वैकल्पिक ईंधनों के भविष्य में उपयोग की संभावनाओं को भी ध्यान में रखना चाहिए।

आपूर्ति बाधित होने पर नेटवर्क की क्षमता की होती है असली परीक्षा
प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए पीएनजीआरबी के सदस्य जयंत नारायण दास ने कहा कि जब आपूर्ति का कोई स्रोत बाधित होता है, कोई मार्ग उपलब्ध नहीं रहता या मांग अचानक बढ़ जाती है, तब ऊर्जा नेटवर्क की वास्तविक क्षमता की परीक्षा होती है। ऐसे हालात से निपटने के लिए मजबूत और भरोसेमंद अवसंरचना का होना आवश्यक है।
19 और 20 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में नीति निर्माता, विनियामक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन के दौरान प्राकृतिक गैस पाइपलाइन, शहरी गैस वितरण, एलएनजी, पेट्रोलियम उत्पादों के परिवहन, उपभोक्ता सेवाओं और डिजिटल रूपांतरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य देश की ऊर्जा अवसंरचना को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना और ऊर्जा आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय को बढ़ावा देना है।

