रोजगारपरक कौशल विकास कार्यक्रम का समापन, छात्राओं को दिए रोजगार के लिए जरूरी टिप्स
आर. एल. पाण्डेय
हरदोई। डॉ. राम मनोहर लोहिया महाविद्यालय, अल्लीपुर, हरदोई में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के सहयोग से छात्राओं के लिए आयोजित छह दिवसीय रोजगारपरक कौशल विकास कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में रोजगार से जुड़े कौशल, आत्मविश्वास, संचार क्षमता, व्यक्तित्व विकास और साक्षात्कार संबंधी दक्षताओं को विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसे सौम्या और मनु ने प्रस्तुत किया। इसके बाद सपना और दिव्यांशी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि बी. एस. पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। दीप प्रज्वलन में डॉ. रश्मि द्विवेदी, डॉ. शशिभान पांडे और प्रशिक्षक अनुज ने सहभागिता की।

मुख्य अतिथि डॉ. बी. एस. पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षिक डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों के लिए संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, टीमवर्क और रोजगार से जुड़ी व्यवहारिक दक्षताओं का होना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी करने तथा यहां सीखे कौशल का उपयोग अपने भविष्य के रोजगार और जीवन में करने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षक अनुज ने छात्राओं को प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान व्यावसायिक संचार, अंग्रेजी भाषा में दक्षता, साक्षात्कार की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, कम्युनिकेशन स्किल्स तथा रोजगार एवं प्लेसमेंट से संबंधित जानकारी दी गई। उन्होंने छात्राओं से प्रत्येक सत्र में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की ओर से डॉ. रश्मि द्विवेदी ने अतिथियों और प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम विद्यार्थियों को शैक्षिक ज्ञान के साथ रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक दक्षताएं विकसित करने में मदद करते हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं के साथ शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें संजय श्रीवास्तव, अनूप सिंह, पारुल गुप्ता और नीरज शुक्ला सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन आनंद विशारद ने किया।समापन अवसर पर डॉ. शशिकांत पांडे ने अतिथियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों और छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शीर्षेन्दु शील त्रिवेदी 'विपिन' ने कहा कि छह दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को रोजगार के लिए तैयार करने के साथ-साथ उनके कौशल, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
