पंडोगा में फार्मडायरेक्ट के कर्मचारियों ने लिया स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संकल्प
ऊना, 23 अगस्त। औद्योगिक क्षेत्र पंडोगा स्थित हिंदुस्तान फार्मडायरेक्ट इंग्रीडिएंट्स प्राइवेट लिमिटेड में रविवार को स्वदेशी जागरण मंच के ‘मैं भी स्वदेशी समर्थक’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों को अभियान से जोड़ते हुए स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और प्रचार-प्रसार का संकल्प दिलाया गया।
कंपनी के एमडी पुनीत मोदगिल ने कर्मचारियों को अभियान की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कर्मचारियों से अपने परिवार और परिचितों को भी स्वदेशी अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला पूर्णकालिक प्रशिक्षक सत्यदेव शर्मा सहोड़ ने बताया कि मंच द्वारा देशभर में ‘मैं भी स्वदेशी समर्थक’ अभियान संचालित किया जा रहा है। ऊना जिले में भी अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को इससे जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में हर नागरिक अपनी भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने बताया कि विश्व उद्यमिता पखवाड़े के अंतर्गत युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उन्हें रोजगार तलाशने के बजाय अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रचार प्रमुख पंकज सहोड़, अमित धीमान, पंकज जसवाल, जगमोहन चंदेल, प्रवेश ठाकुर, मनदीप जसवाल, रजनीश कुमार, मनोज कुमार, मयंक जसवाल, शिव कुमार, शुनम और रजत कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
