वर्षा के दौरान कर्मचारियों को मिलेगी सुविधा, चेयरमैन ने बांटे रेनकोट
बलरामपुर। वर्षा ऋतु में नगर पालिका कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने में सुविधा और सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बलरामपुर ने रेनकोट वितरित किए। आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ और अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य की मौजूदगी में कर्मचारियों को रेनकोट प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी बारिश, तेज गर्मी और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों में भी सफाई, जल निकासी तथा आवश्यक नागरिक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बारिश के दौरान उन्हें कार्य करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसी उद्देश्य से रेनकोट उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन कर्मचारियों को कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि वे सुरक्षित और पूरी तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
बारिश के मौसम में जलभराव, नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और अन्य आवश्यक कार्यों के दौरान रेनकोट कर्मचारियों के लिए उपयोगी साबित होंगे। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कर्मचारियों से नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से वर्षा के दौरान सफाई और जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरान कार्यालय अधीक्षक नरेंद्र कुमार, जेई जल धर्मेंद्र गौड़, राम नारायण यादव सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।
