ऊर्जा समाधान योजना : बिजली ही नहीं, भरोसे की रोशनी जलाने का प्रयास
Energy Solutions Plan: An effort to light the light of trust, not just electricity.
Tue, 11 Nov 2025
(पवन वर्मा – विभूति फीचर्स)
मध्यप्रदेश सरकार ने हाल ही में ऊर्जा विभाग की “समाधान योजना” लागू कर प्रदेश के लाखों घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पूरे राज्य में 91 लाख से अधिक उपभोक्ताओं पर करीब 8 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की बिजली बिल बकाया राशि दर्ज है। अनुमान है कि इस योजना से लगभग 90 लाख उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिल सकता है और करीब 3 हजार करोड़ रुपये तक का सरचार्ज भी माफ किया जा सकता है।
वर्षों से ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के सामने बिजली बिल भुगतान एक बड़ी चुनौती रहा है। महामारी बाद के आर्थिक दबाव, आय असमानता और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था ने उपभोक्ताओं के लिए बकाया चुकाना और कठिन बना दिया। ऐसे समय में “समाधान योजना” उन लोगों के लिए उम्मीद का नया विकल्प लेकर सामने आई है, ताकि वे अपने पुराने बिलों का निपटारा कर सकें और बिजली वितरण व्यवस्था में विश्वास दोबारा स्थापित हो सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस योजना को केवल आर्थिक राहत नहीं, बल्कि “सामाजिक संतुलन” की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया है। उनका स्पष्ट मानना है कि सरकार को जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए न कि केवल दंडात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। यही विचार इस योजना के मूल में है।
समाधान योजना के तहत उपभोक्ताओं को अपने बिजली बिल भरने का अवसर तो मिलता ही है, साथ ही बकाया पर लगा सरचार्ज भी हट जाएंगा। सरकार चाहती है कि लंबे समय से रुकी हुई वसूली को गति मिले और वास्तविक बकाया राशि राज्य के राजस्व में वापस आए। पहले अधिक ब्याज और दंडात्मक शुल्क की वजह से ही अधिकांश उपभोक्ता बिल चुकाने से पीछे हट जाते थे।
योजना लागू होते ही जिलों में विशेष शिविर लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इससे आम उपभोक्ता सीधे शिविरों में जाकर समाधान पा सकेगा और दफ्तर-दफ्तर भटकने से निजात मिलेगी। मुख्यमंत्री का हमेशा यह मानना रहा है कि योजनाओं का लाभ तभी वास्तविक है, जब वह बिना जटिल प्रक्रिया के आम नागरिक तक पहुंचे।
डॉ. मोहन यादव की कार्यशैली में “व्यावहारिक जनकल्याण” की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। शिक्षा, आवास से लेकर बिजली बिल राहत तक – हर योजना में भरोसा पुनर्स्थापना की सोच दिखाई देती है। यह पहल न केवल आर्थिक राहत देती है बल्कि उपभोक्ताओं व सरकार के बीच विश्वास की एक नई कड़ी को मजबूत करती है।
3 हजार करोड़ के सरचार्ज माफी का यह निर्णय राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए भी दीर्घकाल में फायदेमंद माना जा रहा है। जो बकाया पहले सिर्फ कागज़ पर दर्ज था, वह अब वास्तविक संग्रह में बदल सकेगा। लोकसभा चुनाव के बाद यह कदम सरकार की संवेदनशील प्रशासनिक छवि को और पुष्ट करता है।
यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक असर डाल सकती है। बिजली बिल विवादों के कारण कई बार गांवों में असंतोष पैदा होता था। ब्याज माफी के साथ यह पहल आर्थिक तनाव कम कर कृषि और घरेलू उपभोक्ताओं को अतिरिक्त राहत देगी। यह सरकार और जनता के बीच सहयोग आधारित मॉडल को मजबूत करेगी।
दीर्घकालिक रूप से यह योजना बिजली वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, समय पर बिल भुगतान की आदत विकसित करने और आर्थिक अनुशासन को बढ़ावा देने में मदद कर सकती है।
योजना में भुगतान के दो विकल्प हैं — एकमुश्त भुगतान करने वालों को अधिकतम लाभ मिलेगा, जबकि जिनके लिए एक साथ पूरा भुगतान संभव नहीं है, वे अपनी राशि 6 किश्तों में भी जमा कर सकते हैं।
योजना में घरेलू, कृषि, गैर घरेलू और औद्योगिक सभी श्रेणियों के बकाया बिल शामिल हैं। पहला चरण 31 दिसंबर तक जारी रहेगा जिसमें 60% से 100% तक सरचार्ज माफी मिलेगी। जबकि दूसरा चरण 1 जनवरी 2026 से शुरू होगा, जिसमें 50% से 90% तक की माफी का प्रावधान रहेगा।
