सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मंत्री नरेन्द्र कश्यप

Ensuring that the benefits of government schemes reach the last person is the government's top priority: Minister Narendra Kashyap
 
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मंत्री नरेन्द्र कश्यप
लखनऊ,  फरवरी 2026।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजन एवं पिछड़ा वर्ग के समग्र सशक्तीकरण को केंद्र में रखकर योजनाबद्ध और परिणामोन्मुखी ढंग से कार्य कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को सचिवालय स्थित नवीन भवन में बजट सत्र से पूर्व विभागीय योजनाओं की समीक्षा और आगामी वित्तीय वर्ष की बजट मांगों को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता, समयबद्धता और प्रभावशीलता के साथ पहुँचे। मंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुँचे और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री कश्यप ने डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ और जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट की समीक्षा करते हुए कहा कि ये संस्थान दिव्यांगजनों के लिए उच्च शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडल स्तर पर कार्यशालाओं, जागरूकता अभियानों और प्रचार-प्रसार गतिविधियों के माध्यम से इन विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक सुविधाओं, पाठ्यक्रमों और अवसरों की जानकारी अधिक से अधिक दिव्यांग छात्रों तक पहुँचाई जाए।

इसके साथ ही दोनों विश्वविद्यालयों में रिक्त शिक्षकीय पदों पर शीघ्र नियुक्ति, तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी जब उसका लाभ वास्तविक रूप से ज़मीनी स्तर तक पहुँचे। उन्होंने जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने, अपेक्षित प्रगति न करने वाले जिलों में जिलाधिकारियों से समन्वय कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य निधि का उपयोग पूर्ण संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ दिव्यांगजनों के हित में किया जाए। साथ ही उन्होंने राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन से न्यायालयों में लंबित मामलों और उनके निस्तारण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

अपने संबोधन में मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजन एवं पिछड़ा वर्ग को केवल सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, पेंशन, निःशुल्क बस सेवा तथा खेल-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन के लिए तैयार करना है। सरकार इस लक्ष्य को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Tags