बनगढ़ उप सुधारगृह में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन, कैदियों को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
स्वदेशी जागरण मंच जिला ऊना की ओर से शुक्रवार को बनगढ़ स्थित उप सुधारगृह में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य सुधारगृह में सजा काट रहे लोगों को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के जिला पूर्णकालिक प्रशिक्षक सत्य देव शर्मा सहोड़ ने मंच की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कौशल विकास और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करके स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने आत्मनिर्भरता को पुनर्वास से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रचार प्रमुख पंकज सहोड़ ने जिला प्रशासन और जेल प्रशासन के समक्ष कैदियों के कौशल विकास, स्वरोजगार और पुनर्वास से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं योजनाएं रखीं। उन्होंने कहा कि सजा पूरी करने के बाद समाज में लौटने वाले लोगों को यदि प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे सम्मानपूर्वक मुख्यधारा से जुड़ सकते हैं।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता सनराइज एजुकेशनल सोसाइटी के एमडी महेंद्र पाल डोगरा ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं और स्थानीय उत्पादों से जुड़कर आय के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने कौशल को पहचानने और उसे स्वरोजगार में बदलने का आह्वान किया।
वहीं, बनगढ़ उप सुधारगृह के उप अधीक्षक जगजीत चौधरी ने सुधारगृह में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां सजा काट रहे लोगों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कौशल विकास और स्वरोजगार की दिशा में प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सम्मेलन में कैदियों के कौशल विकास, स्वरोजगार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से जेल प्रशासन के सहयोग से भविष्य में भी इस दिशा में आवश्यक गतिविधियां आयोजित करने की बात कही गई।
