एसएमएस लखनऊ में रोटरैक्ट क्लब की स्थापना नेतृत्व, सेवा और सामुदायिक दायित्वबोध की दिशा में नई शुरुआत
Rotaract Club established at SMS Lucknow – A new beginning towards leadership, service and community responsibility
Sat, 8 Nov 2025
लखनऊ। स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस), लखनऊ में 8 नवम्बर 2025 को रोटरैक्ट क्लब की स्थापना के अवसर पर विशेष समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों में लीडरशिप, सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी और कम्युनिटी पार्टिसिपेशन को नई दिशा देने का उद्देश्य समेटे हुए था। समारोह में छात्रों और संकाय सदस्यों द्वारा उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी इंटरनेशनल से संबद्ध प्रतिष्ठित रोटेरियनश्री गणेश अग्रवाल (अध्यक्ष, रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ), श्री विभोर अग्रवाल (सचिव, रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ), श्री के.के. श्रीवास्तव (पी.डी.जी., रोटरी क्लब ऑफ बाराबंकी), पी.डी.जी. श्री सी.पी. अग्रवाल (रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ), रोटेरियन श्री अशोक टंडन, रोटेरियन श्री नरेश अग्रवाल तथा क्षेत्रीय सचिव रोटेरियन श्रीमती भारती गुप्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने नेतृत्व निर्माण और समाजहित के कार्यों के महत्व पर प्रेरणादायी विचार साझा किए।
समारोह के दौरान रोटरैक्ट क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज व प्रमाणपत्र प्रदान कर शपथ दिलाई गई। बी.टेक तृतीय वर्ष के छात्र श्री पीयूष गिरी को क्लब अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि बी.टेक द्वितीय वर्ष के छात्र श्री ओम राय को क्लब सचिव का दायित्व सौंपा गया। 36 अन्य छात्र सदस्यों ने क्लब के मूल्यों एवं मिशन के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख व्यक्तित्वों में प्रो.(डॉ.) आशीष भटनागर (निदेशक, एसएमएस लखनऊ), प्रो. (डॉ.) बी.आर. सिंह (डायरेक्टर जनरल - टेक्निकल), प्रो.(डॉ.) धर्मेन्द्र सिंह (एसोसिएट डायरेक्टर), प्रो.(डॉ.) पी.के. सिंह (डीन - स्टूडेंट वेलफेयर) एवं कार्यक्रम समन्वयक एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पुष्पांजलि सिंह सहित सभी संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ मौजूद रहीं।
एसएमएस लखनऊ के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शरद सिंह ने कहा कि "संस्था विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि समाज उपयोगी, नैतिक एवं संवेदनशील नेतृत्व निर्माण के अवसर देने में विश्वास रखती है। रोटरैक्ट क्लब इस दिशा में प्रभावी मंच साबित होगा।"
कार्यक्रम का समापन सभी विशिष्ट अतिथियों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए हुआ।
रोटरी इंटरनेशनल विश्व का एक प्रमुख मानवतावादी संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 1905 में शिकागो (अमेरिका) में पॉल पी. हैरिस द्वारा की गई थी। संगठन का लक्ष्य वैश्विक स्तर पर सामाजिक सेवा, सत्यनिष्ठा, सौहार्द और विश्व शांति के मूल्यों को आगे बढ़ाना है।
