लखनऊ मंडल में बोर्ड कॉपियों के मूल्यांकन ने पकड़ी रफ्तार, दूसरे दिन तक 3.22 लाख उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं

Evaluation of Board Exam Answer Sheets Picks Up Pace in Lucknow Division; 3.22 Lakh Answer Sheets Evaluated by the End of Day Two.
 
लखनऊ मंडल में बोर्ड कॉपियों के मूल्यांकन ने पकड़ी रफ्तार, दूसरे दिन तक 3.22 लाख उत्तर पुस्तिकाएं जांची गईं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। लखनऊ मंडल के छह जिलों—लखनऊ, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली, हरदोई और लखीमपुर खीरी में कुल 23 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।

मंडलीय कंट्रोल रूम के नोडल एवं मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने जानकारी दी कि इस वर्ष मंडल को हाईस्कूल की 13,68,042 तथा इंटरमीडिएट की 10,84,129 उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गई हैं। इस प्रकार कुल 24,52,171 कॉपियों का मूल्यांकन किया जाना है।

मूल्यांकन कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 20 पर्यवेक्षक, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 585 अंकेक्षक, 1200 उप प्रधान परीक्षक (DHE) तथा 11,285 परीक्षकों की तैनाती की गई है।

संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी 23 केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य शुरू हो चुका है और इसकी लगातार मंडल स्तर से निगरानी की जा रही है।

डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार, दूसरे दिन की समाप्ति तक मंडल में 3,22,041 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है, जिससे स्पष्ट है कि मूल्यांकन कार्य तेजी से प्रगति पर है।

Tags