शिक्षा के हर आयाम में उत्कृष्टता, स्कॉलर्स होम ने छुआ नया शिखर
लखनऊ डेस्क आर एल पाण्डेय।गोमती नगर स्थित स्कॉलर्स होम स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। नॉर्थ एजुकेटर्स’ समिट एंड अवार्ड्स 2026 में विद्यालय को होलिस्टिक एजुकेशनकी श्रेणी में उत्तर प्रदेश एवं लखनऊ में शीर्ष स्थान प्रदान किया गया। यह सम्मान एजुकेशन टुडे द्वारा किए गए व्यापक सर्वेक्षण एवं मूल्यांकन के आधार पर दिया गया।
विद्यालय का मूल्यांकन शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार, अनुभवात्मक अधिगम, प्रभावी शिक्षण प्रक्रियाओं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के आधार पर किया गया। स्कॉलर्स होम में पारंपरिक कक्षा-कक्षीय शिक्षण के साथ विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों और व्यावहारिक अनुभवों के माध्यम से सीखने के अवसर दिए जाते हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, कौशल, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक समझ का विकास करना है।
द वेस्टिन गुड़गांव, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में स्कॉलर्स होम की ओर से सानिध्य कुमार, डायरेक्टर (एडमिन) ने यह सम्मान प्राप्त किया। समारोह में उत्तर भारत के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षाविदों तथा शिक्षा जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। विद्यालय की ओर से कहा गया कि यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार, गुणवत्ता और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा प्रदान करता है।
