विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और निखारने के लिए किया प्रेरित
लखनऊ। जनविकास महासभा एवं सोक्ट के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘विद्यार्थी प्रतिभा उत्सव’ कार्यक्रम के अंतर्गत एसडी मेमोरियल इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को अपनी छिपी प्रतिभा पहचानने, उसे विकसित करने और भविष्य में करियर निर्माण में उसका बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनविकास महासभा के अध्यक्ष पंकज कुमार तिवारी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र के अंदर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत इस बात की है कि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर उसे लगातार निखारें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल पढ़ाई तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अपनी रुचि और प्रतिभा पर भी ध्यान देना चाहिए। अपनी क्षमता और रुचि के अनुरूप करियर का चुनाव करने वाले विद्यार्थियों के लिए सफलता की संभावनाएं अधिक रहती हैं।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रुचि के बारे में सोचने तथा उसे सभी के सामने प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यशाला में छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को सामने रखा।
आयोजकों ने विद्यार्थियों को समझाया कि प्रतिभा को पहचानने के साथ उसे सही दिशा देना भी जरूरी है। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से छात्र अपनी क्षमता को बेहतर परिणामों में बदल सकते हैं।
पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी इन विषयों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर जनविकास महासभा के महामंत्री अजय यादव, विद्यालय प्रबंधक एस.एस. प्रसाद, प्रधानाचार्य प्रज्ञा मिश्रा, विशाल कनौजिया, सुमन कनौजिया, संतोष उपाध्याय सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
