इरम पब्लिक कॉलेज में बोर्ड छात्रों का विदाई समारोह
लखनऊ डेस्क (आर. एल. पाण्डेय)। इरम पब्लिक कॉलेज, इंदिरा नगर, लखनऊ में कक्षा सेकेंडरी के छात्रों के लिए गुडलक समारोह तथा सीनियर सेकेंडरी के छात्रों के लिए विदाई समारोह कॉलेज परिसर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या श्रीमती सहर सुल्तान द्वारा इरम एजुकेशनल सोसाइटी के प्रबंधक डॉ. ख़्वाजा बज़्मी यूनुस, निदेशक श्री के. एस. फ़ैज़ी यूनुस एवं सचिव श्री के. एस. सैफ़ी यूनुस का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ।
इस अवसर पर जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया। साथ ही लघु नाटिका, गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर वरिष्ठ छात्रों के प्रति सम्मान व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इरम एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव श्री ख़्वाजा सै. सैफ़ी यूनुस ने कहा कि खाली बैठने से सफलता नहीं मिलती। लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत और आत्मचिंतन आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि अपनी क्षमता को मेहनत के माध्यम से सिद्ध करें।
निदेशक श्री ख़्वाजा फ़ैज़ी यूनुस ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि स्व-अनुशासन जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है, जो व्यक्ति को सफलता की ओर अग्रसर करता है। आज के समय में वही व्यक्ति प्रभावशाली और सम्मानित है, जो अनुशासन एवं परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहता है।प्रबंधक डॉ. ख़्वाजा बज़्मी यूनुस ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारण, परिश्रम, समय प्रबंधन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने पर सफलता निश्चित है।
प्रधानाचार्या श्रीमती सहर सुल्तान ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के बाद साक्षी राजपूत को मिस इरम पब्लिक कॉलेज एवं अमित शर्मा को मिस्टर इरम पब्लिक कॉलेज घोषित किया। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर कठोर परिश्रम करने की प्रेरणा दी और कहा कि इरम एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा संचालित उच्च शिक्षा पाठ्यक्रम छात्रों के भविष्य निर्माण में सहायक हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि आर्थिक बाधाएं किसी भी छात्र के लक्ष्य में रुकावट नहीं बनने दी जाएंगी।
चीफ अकादमिक हेड श्रीमती ज़रीन अब्बास ने कहा कि विद्यालय सदैव छात्रों के लक्ष्य प्राप्ति में उनके साथ खड़ा रहेगा।इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्रों को उनकी वार्षिक गतिविधियों के आधार पर ‘प्राइड ऑफ बैच–2026’, ‘एपिस्टोम’, ‘मिस्टर एक्सीलेंस’, ‘सांस्कृतिक व्यक्तित्व’ सहित विभिन्न उपाधियों से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का समापन उत्साह, प्रेरणा और आत्मविश्वास के वातावरण के साथ हुआ।
