अस्ताचलगामी सूर्य को व्रती महिलाओं ने अर्पित किया अर्घ्य, सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा होगा छठ महापर्व

Women observing the fast offered *arghya* (libations) to the setting sun; the grand *Chhath* festival will conclude in the morning with the offering of *arghya* to the rising sun.
 
अस्ताचलगामी सूर्य को व्रती महिलाओं ने अर्पित किया अर्घ्य, सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा होगा छठ महापर्व

गड़वार (बलिया)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार की शाम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान सूर्य का पूजन-अर्चन कर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा वातावरण छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय जयकारों से गूंज उठा।

छठ व्रती महिलाओं ने सूर्य देव से परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। घाटों पर पहुंचने का दृश्य भी बेहद मनमोहक रहा। पुरुष सिर पर दउरा लेकर आगे-आगे चल रहे थे, जबकि परिवार की महिलाएं छठी मइया के मंगल गीत गाते हुए उनके पीछे चल रही थीं। हाथों में जलते दीपकों को संभालती महिलाओं की टोलियों के बीच 'कांचहि बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...' जैसे पारंपरिक गीत गूंजते रहे।

निर्जला व्रत रखने के बाद श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर अंजुरी से भगवान सूर्य को अर्घ्य समर्पित किया। सूर्यास्त के समय घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अर्घ्य देने के बाद जब लोग घरों की ओर लौटे तो घाटों और रास्तों पर काफी चहल-पहल दिखाई दी।

रातभर घरों में गूंजते रहे छठी मइया के गीत

तीन दिवसीय छठ पर्व के शेष अनुष्ठान सोमवार की सुबह संपन्न होंगे। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण किया जाएगा। वहीं, कोसी भरने की परंपरा को लेकर कई घरों में महिलाएं रातभर जागकर पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं। घरों के आंगन और चौबारे देर रात तक छठी मइया के मंगल गीतों से गूंजते रहे।

क्षेत्र के गड़वार, महाकरपुर, हरिपुर, बभनौली, दामोदरपुर, त्रिकालपुर, झंगहीं, शाहपुर और जनऊपुर सहित विभिन्न गांवों में तालाबों और सरोवरों के किनारे छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। घाटों पर व्रती महिलाओं ने पूजा के लिए बेदी सजाई। चारों ओर गन्ने खड़े कर घेरा बनाया गया और कलश में गंगाजल भरकर उसके ऊपर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। सूप और डलिया को जल स्पर्श कराकर पूजा की तैयारियां पूरी की गईं। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही लोक आस्था का यह महापर्व संपन्न होगा।

Tags