बलिया में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराकर पांच बार पलटी कार, IIM में तैनात असिस्टेंट मैनेजर समेत चार दोस्तों की मौत
बाजार से घर लौट रहे थे चारों युवक, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और करीब 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। एयरबैग खुलने के बावजूद नहीं बच सकी किसी की जान।
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार चार दोस्तों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार पहले पेड़ से टकराई और इसके बाद करीब पांच बार पलटते हुए लगभग 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद चारों युवक कार के अंदर फंस गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार का दरवाजा तोड़ा और सभी युवकों को बाहर निकाला। हादसा इतना गंभीर था कि कार के एयरबैग खुलने के बावजूद चारों की जान नहीं बच सकी।
बाजार से घर लौट रहे थे चारों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, चारों युवक बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। रास्ते में चालक का नियंत्रण बिगड़ने के बाद कार पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन कई बार पलटा और सड़क से दूर गड्ढे में जा गिरा।मृतकों की पहचान अभिषेक पटेल (29), कुणाल पासवान (22), गोलू ठाकुर (23) और धनंजय (26) के रूप में हुई है।
छह महीने पहले हुई थी अभिषेक की शादी
हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक पटेल उत्तराखंड के एक आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी महज छह महीने पहले हुई थी। उनकी मौत की खबर से परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, कुणाल पासवान ने आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर ली थी और रेलवे में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे थे। धनंजय निजी शिक्षक थे और सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी में जुटे थे। गोलू ठाकुर सेना और पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहे थे। चारों युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों और परिचितों में मातम पसरा है। हादसे ने एक साथ चार परिवारों के सपनों और उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है।
