FIH Hockey World Cup: पेनल्टी शूटआउट में बेल्जियम से हारा भारत, 8वें स्थान पर समाप्त हुआ टीम इंडिया का वर्ल्ड कप अभियान

FIH Hockey World Cup: India loses to Belgium in penalty shootout; Team India's World Cup campaign ends in 8th place.
 
FIH Hockey World Cup: पेनल्टी शूटआउट में बेल्जियम से हारा भारत, 8वें स्थान पर समाप्त हुआ टीम इंडिया का वर्ल्ड कप अभियान
Hockey World Cup Classification Match: एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सफर निराशाजनक हार के साथ समाप्त हो गया है। बेलफियस हॉकी एरिना में 7वें-8वें स्थान के लिए खेले गए क्लासिफिकेशन मुकाबले में भारत को बेल्जियम के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं। इस हार के साथ भारतीय टीम टूर्नामेंट में 8वें पायदान पर रही।

पहले क्वार्टर में भारत ने बनाई बढ़त

भारतीय टीम ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। मैच के छठे मिनट में अभिषेक ने शानदार गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि इसके बाद भारतीय टीम को एक बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। मैदान पर निर्धारित संख्या से अधिक खिलाड़ियों के होने के कारण कप्तान हरमनप्रीत सिंह को येलो कार्ड दिखाया गया और उन्हें पांच मिनट के लिए मैदान से बाहर जाना पड़ा। पहले क्वार्टर में बेल्जियम ने कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने मजबूती दिखाते हुए मेजबान टीम को गोल करने नहीं दिया।

दूसरे क्वार्टर में बेल्जियम ने पलटा मैच

दूसरे क्वार्टर में बेल्जियम ने जोरदार वापसी की। 22वें मिनट में रोमन डुवेकोट ने गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। इसके ठीक एक मिनट बाद ह्यूगो लाबूचेर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए बेल्जियम को 2-1 की बढ़त दिला दी।

भारत ने हालांकि हार नहीं मानी। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार गोल करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया। चौथे क्वार्टर में बेल्जियम ने एक और गोल कर 3-2 की बढ़त हासिल कर ली। ऐसा लग रहा था कि मुकाबला भारत के हाथ से निकल गया है, लेकिन आखिरी क्षणों में हरमनप्रीत सिंह ने एक बार फिर कमाल किया। मैच खत्म होने से करीब 20 सेकंड पहले उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-3 कर दिया।

शूटआउट में बेल्जियम ने मारी बाजी

निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। भारत ने शुरुआत अच्छी की। शिलानंद, दिलप्रीत और अभिषेक ने लगातार शुरुआती तीन प्रयासों को गोल में बदला।

हालांकि इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह अपने प्रयासों को गोल में नहीं बदल सके। दूसरी ओर बेल्जियम के चार खिलाड़ियों ने सफलतापूर्वक गोल किए। बेल्जियम के केवल एक खिलाड़ी का प्रयास असफल रहा और आखिरकार उसने शूटआउट 4-3 से जीत लिया।

दूसरे दौर में भारत को नहीं मिली जीत

भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप में पदक जीतने की उम्मीद के साथ अभियान शुरू किया था। पहले दौर में टीम ने वेल्स को 3-1 और पाकिस्तान को 5-3 से हराकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ उसे 2-4 से हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद दूसरे दौर में भारत को नीदरलैंड्स के खिलाफ 1-3 और अर्जेंटीना के खिलाफ 3-5 से शिकस्त मिली। लगातार दो हार के कारण भारतीय टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। इसके बाद आठवें स्थान के मुकाबले में भारत और बेल्जियम के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन शूटआउट में मिली हार के साथ टीम इंडिया का वर्ल्ड कप अभियान आठवें स्थान पर समाप्त हो गया।

Tags