जानलेवा हमले के 48 घंटे बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं, पीड़ित परिवार दहशत में
पीड़ित बसंत लोधी के अनुसार, उनके छोटे भाई छोटेलाल उर्फ बाबा पर रहीमनगर डूडौली पानी टंकी के पास लिंटर डालने के कार्य के दौरान कथित रूप से पुतानी वर्मा, उसके पुत्र, नक्षत्र त्रिपाठी तथा अन्य लोगों ने जानलेवा हमला किया। हमले में छोटेलाल के सिर एवं शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें बेहोशी की हालत में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में भर्ती कराया गया। परिवार के अनुसार उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि इसी घटना के दौरान सूरज शुक्ला के साथ मारपीट की गई तथा उनका मोबाइल फोन और लगभग 30 हजार रुपये नकद छीन लिए गए।
उनका दावा है कि घटना के वीडियो उपलब्ध हैं, जिनमें कथित आरोपियों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, बावजूद इसके अब तक किसी भी आरोपी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
बसंत लोधी एवं सूरज शुक्ला का कहना है कि उन्हें तथा उनके परिवार को लगातार जान का खतरा बना हुआ है। उनका आरोप है कि आरोपी दबाव और भय का वातावरण बना रहे हैं, जिसके कारण परिवार के सदस्य घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता से अपराधियों के हौसले बढ़े हैं।
पीड़ित परिवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त लखनऊ तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, जानलेवा हमला, लूट एवं अन्य लागू धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए तथा पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
पीड़ित पक्ष ने कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो कानून व्यवस्था पर आम जनता का विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और आम नागरिकों का कानून पर विश्वास बना रहे।
