प्रशिक्षण से तैयार होंगे जनपद स्तर पर फर्स्ट रिस्पॉन्डर
First responders will be prepared at district level through training
Thu, 4 Sep 2025
लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय)। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार केन्द्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, छठामील लखनऊ में मास्टर ट्रेनर्स पाठ्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख सचिव (नागरिक सुरक्षा) संयुक्ता समद्दार ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का संगठन है, जो सदैव राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर रहता है। मौजूदा परिस्थितियों में इसकी भूमिका और भी अहम हो गई है। सरकार का उद्देश्य इस संगठन को और मजबूत करना है ताकि किसी भी आपदा या आकस्मिक स्थिति में नागरिक सुरक्षा बल प्रभावी योगदान दे सके। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से स्वयंसेवक विभिन्न आपदा परिस्थितियों में बेहतर ढंग से कार्य करने में सक्षम होंगे। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स आगे अपने-अपने जिलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर स्थानीय स्तर पर फर्स्ट रिस्पॉन्डर तैयार करेंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस महानिदेशक (नागरिक सुरक्षा) अभय कुमार प्रसाद ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा के सभी पदाधिकारी मौजूदा हालात को देखते हुए सतर्क रहें और स्वयंसेवकों को इस प्रकार प्रशिक्षित करें कि वे आपदा की किसी भी स्थिति में आमजन को आत्मनिर्भर बना सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री को पूरे प्रदेश में नागरिक सुरक्षा इकाइयों के विस्तार के लिए धन्यवाद भी दिया।
विशेष सचिव (नागरिक सुरक्षा) मनोज कुमार राय ने जानकारी दी कि प्रदेश के सभी जनपदों में नागरिक सुरक्षा संगठनों का गठन एवं पदों का सृजन किया जा चुका है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जल्द ही नागरिक सुरक्षा को प्रदेशव्यापी रूप में लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान को और सशक्त करते हुए उत्तर एवं पूर्वी भारत के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। मौजूदा प्रशिक्षण सत्र में उत्तराखण्ड के प्रतिभागी भी शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान की कमांडेंट नीता यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विशेष सचिव मनोज कुमार राय, कनिष्ठ स्टाफ अफसर सुमित मौर्य, वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक योगेश कुमार, ओंकार शर्मा, राकेश कुमार मिश्रा तथा स्टाफ ऑफिसर ऋतुराज रस्तोगी भी उपस्थित रहे।
