29 को धनतेरस के साथ शुरू होगा पांच दिवसीय दीपोत्सव
The five-day festival of lights will begin with Dhanteras on 29th
Thu, 24 Oct 2024
लखनऊ डेस्क (आर. एल. पांडेय): इस वर्ष धनतेरस (धनत्रयोदशी) 29 अक्टूबर को मनाई जाएगी, जिससे पांच दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ होगा। धनतेरस के अगले दिन 30 अक्टूबर को हनुमान जयंती व यम चतुर्दशी, 31 अक्टूबर को दीपावली (स्नान दान की अमावस्या), 2 नवंबर को अन्नकूट और गोवर्धन पूजा तथा 3 नवंबर को भाई दूज और चित्रगुप्त जयंती के साथ यह पर्व समाप्त होगा।
विराम खंड-5, गोमती नगर स्थित ज्योतिषायन के आचार्य रामू लाल पांडेय ने बताया कि इस दिन त्रिपुष्कर योग, इंद्र योग, वैधृति योग, उत्तरा फाल्गुनी और हस्त नक्षत्र का महासंयोग बन रहा है, जो सुख-समृद्धि का प्रतीक है। इसके साथ ही, पं. दीपक मालवीय ने जानकारी दी कि त्रयोदशी तिथि 29 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर 30 अक्टूबर दोपहर 1:05 बजे तक रहेगी, जिससे लोगों को दो दिन तक खरीदारी का अवसर मिलेगा।
धनतेरस पूजा का शुभ मुहूर्त 29 अक्टूबर को गोधूलि वेला में शाम 6:31 बजे से रात 8:31 बजे तक रहेगा। इस दिन खरीदारी के लिए त्रिपुष्कर योग सुबह 6:32 बजे से 30 अक्टूबर की सुबह 10:30 बजे तक रहेगा, जबकि अभिजीत मुहूर्त 29 को सुबह 11:42 बजे से दोपहर 12:27 बजे तक है। धनतेरस के दिन भगवान धनवंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर देवता की विशेष पूजा की जाती है।
