नेपाल में बाढ़ और GLOF आपदा: केंद्र सरकार रख रही पैनी नजर, यूपी-बिहार में NDRF हाई अलर्ट पर; भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
गृह मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि नेपाल में आई बाढ़ की विभीषिका बेहद दुखद है। इस आपदा में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत सरकार नेपाल के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि बाढ़ के संभावित प्रभाव को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा से लगे इलाकों में स्थानीय प्रशासन, राहत एवं बचाव दलों के साथ NDRF को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
गंडक नदी के निचले इलाकों पर पड़ सकता है असर
केंद्रीय जल आयोग (CWC) की सलाह और सामने आई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नेपाल-चीन सीमा के निकट अचानक आई बाढ़ अथवा ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) के कारण नेपाल में भारतीय सीमा से लगभग 160 किलोमीटर दूर फुरके खोला क्षेत्र में त्रिशूली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसका संभावित असर भारत में गंडक नदी के निचले इलाकों पर पड़ने की आशंका जताई गई है। स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश और बिहार प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सीमावर्ती आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी
बिहार और उत्तर प्रदेश सरकारों ने भारत-नेपाल सीमा के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। संभावित प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर राहत उपलब्ध कराने की तैयारियां की जा रही हैं। केंद्र की ओर से दोनों राज्यों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गृह मंत्रालय समेत कई मंत्रालय निगरानी में जुटे
स्थिति की निगरानी के लिए गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय (MEA), जल शक्ति मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के अधिकारी आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार नेपाल की ओर जलाशयों में जलस्तर में कमी आ रही है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। सरकार ने लोगों से घबराने के बजाय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन जारी
नेपाल के विभिन्न इलाकों में भारतीय पर्यटकों के लापता होने की खबरों के बीच काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता और जानकारी के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
भारतीय दूतावास की हेल्पलाइन:
📞 +977 985 131 6807
📞 +977 970 910 7500
आपदा की स्थिति में नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता या आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
