पूर्व प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार ने बालामऊ विधानसभा क्षेत्र में किया जनसंपर्क भ्रमण
हरदोई। सुरेन्द्र कुमार, कांग्रेस पार्टी अनुसूचित जाति विभाग उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व प्रत्याशी, ने बालामऊ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर लोगों से मुलाकात की और जनसमस्याओं को सुना।
ग्राम सुन्नी में मंगलवार को आयोजित हनुमान जी सम्मान समारोह एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया। इसके बाद नगर पंचायत कछौना में डॉ. एस. चंद्रा की पत्नी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिवारजनों का हालचाल जाना।
इस दौरान सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पूरे देश में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सरकार बनेगी और कांग्रेस सरकार की तरह व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान संचालित कई जनकल्याणकारी योजनाओं को वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया है। उन्होंने इंदिरा गांधी आवास योजना, मनरेगा और इंदिरा गांधी पेंशन योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से गरीब परिवारों को राहत मिलती थी।
सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि आज देश की जनता परेशान है और गरीब लगातार आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की आर्थिक व्यवस्था कुछ बड़े पूंजीपतियों के हाथों में सिमटती जा रही है। कार्यक्रम में देवेन्द्र सिंह, डी के गौतम, सरजीत गौतम, सूरज कुमार गौतम, शेष राम, रामलोटन वर्मा, आजाद कुमार और नरेंद्र सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
