पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार ने शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
हरदोई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग से जुड़े और बालामऊ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
सुरेन्द्र कुमार सबसे पहले कछौना नगर पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले संतोष कुमार राठौर के परिवार से मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया।

इसके बाद वह ग्राम पंचायत पत्सेनी देहात के मजरा कीरतपुर पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीपाल के परिवार से मुलाकात कर उनकी दादी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं, ग्राम शमशेरनगर में पूर्व प्रधान बेचेलाल के निधन के बाद उनके परिजनों से मिलकर दुख साझा किया।
इस दौरान सुरेन्द्र कुमार ने तीनों परिवारों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि दुख और संकट के समय किसी परिवार के साथ खड़े होना, उसे सांत्वना देना और उसका हौसला बढ़ाना सच्ची मानवता और सामाजिक दायित्व का प्रतीक है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, "दुःख की इस घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
