पूर्व इंस्पायर अवॉर्डी डॉ. कुंवर दिव्यांश सिंह बने IMA मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क के सदस्य
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मंडल डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन आधुनिक वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति से जुड़े चिकित्सकों का प्रमुख स्वैच्छिक संगठन है। इसकी स्थापना वर्ष 1928 में कलकत्ता में आयोजित पांचवें ऑल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस के अवसर पर की गई थी। संगठन का उद्देश्य चिकित्सा विज्ञान की विभिन्न शाखाओं को प्रोत्साहित करना, सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा में सुधार करना तथा चिकित्सा पेशे की गरिमा और सम्मान को बनाए रखना है।
उन्होंने बताया कि IMA का मुख्यालय दिल्ली में है और देश के 34 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में इसकी शाखाएं कार्यरत हैं। देशभर में 1,750 से अधिक स्थानीय शाखाओं के माध्यम से 3.30 लाख से अधिक चिकित्सक इससे जुड़े हैं।
मेडिकल छात्रों को मिलेगा मार्गदर्शन और प्रतिभा निखारने का मंच
डॉ. दिनेश कुमार के अनुसार, IMA मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क संगठन का आधिकारिक छात्र विंग है। इसका उद्देश्य देश के मेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थियों को IMA के उद्देश्यों और गतिविधियों से जोड़ना तथा उन्हें शैक्षणिक और पाठ्येतर गतिविधियों के लिए अवसर उपलब्ध कराना है।
इस नेटवर्क के माध्यम से मेडिकल छात्रों को चिकित्सा शिक्षा, करियर, चिकित्सा नैतिकता, शोध और रोजगार के अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाता है। इसके साथ ही पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान, विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने पर भी ध्यान दिया जाता है। छात्रों को सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भागीदारी के लिए भी मंच उपलब्ध कराया जाता है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मिलते हैं अवसर
जिला विज्ञान क्लब के मंडल समन्वयक प्रो. (डॉ.) डी.बी. सिंह ने बताया कि डॉ. कुंवर दिव्यांश सिंह जिला विज्ञान क्लब के बाल समन्वयक भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल छात्रों के लिए विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (MSAI) के माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी नीतियों पर होने वाली चर्चाओं में भाग लेने का अवसर मिलता है। इसके अंतर्गत विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), विश्व स्वास्थ्य सभा, WHO कार्यकारी बोर्ड की बैठक, WHO क्षेत्रीय समिति की बैठक और WHO SEARO यूथ टाउन हॉल जैसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में प्रतिनिधित्व के अवसर शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र के उच्चस्तरीय राजनीतिक मंच, यूथ इनसाइट कॉन्क्लेव, वर्ल्ड हेल्थकेयर स्टूडेंट्स सिम्पोजियम, यूनिवर्सिटी स्कॉलर्स लीडरशिप सिम्पोजियम और विश्व ग्रामीण स्वास्थ्य सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों में भी भागीदारी के अवसर मिलते हैं। MSAI के सदस्य WHO और WFME की इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। संगठन वैश्विक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और एडवोकेसी पर कार्यशालाएं भी आयोजित करता है।MSAI की विभिन्न स्थायी समितियों और छोटे कार्य समूहों के माध्यम से विद्यार्थी अलग-अलग परियोजनाओं पर काम करते हैं। इनमें यौन उत्पीड़न की रोकथाम से जुड़े प्रयास और बायोएथिक्स जैसे महत्वपूर्ण विषय भी शामिल हैं।
उपलब्धि पर मिली बधाइयां
डॉ. कुंवर दिव्यांश सिंह के IMA मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क का सदस्य चुने जाने पर परिवारजनों, मित्रों, कॉलेज के शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वालों में डॉ. नीरज, डॉ. आर.बी. सिंह, डॉ. रजनीश, डॉ. विनय, डॉ. राजेश, डॉ. अरमान, डॉ. कृष्णा, डॉ. शैलेन्द्र, डॉ. कुलदीप, डॉ. मनीष, डॉ. जावेद, डॉ. अशोक, डॉ. संजय, डॉ. रोहित, डॉ. सीताराम सिंह, डॉ. दीपक, डॉ. विजय, डॉ. अंजली, डॉ. कौशल, डॉ. महेश, डॉ. शशिभूषण, डॉ. विनोदिनी और डॉ. आशीष सहित अनेक लोग शामिल रहे।


