पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी, गोंडा में मुकदमा दर्ज
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार 14 जून को दोपहर करीब 2:22 बजे विधायक प्रतीक भूषण सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। लगभग 35 सेकंड चली बातचीत में कॉल करने वाले युवक ने कथित तौर पर कहा कि “तुम्हें और तुम्हारे पिता दोनों को जान से मारने का इंतजाम हो चुका है, खुद को बचा सकते हो तो बचा लो।”
धमकी मिलने के बाद विधायक ने तत्काल पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी। इसके बाद उनके प्रतिनिधि अजय सिंह ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।

राजस्थान से जुड़ा मिला सुराग
पुलिस की तकनीकी जांच में धमकी देने वाले मोबाइल नंबर का संबंध राजस्थान के अलवर जिले से पाया गया है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक यह सिम कार्ड संदीप शर्मा पुत्र दयाराम शर्मा के नाम पर पंजीकृत बताया गया है, जो अलवर जिले के मांडावार क्षेत्र का निवासी है।
सुरक्षा को लेकर जताई गई चिंता
शिकायत में कहा गया है कि विधायक और उनका परिवार पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक गिरोहों तथा असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहा है। ऐसे में एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि और उनके परिवार को इस प्रकार की धमकी मिलना गंभीर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का विषय है।
पुलिस क्या कह रही है?
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। कॉल से संबंधित सभी तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने किन परिस्थितियों में यह धमकी दी और उसके पीछे कोई साजिश या अन्य कारण था या नहीं।फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
