संजय सेतु बंद होने से पहले पीपा पुल बनाने की मांग, पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने सीएम से की मुलाकात

 
संजय सेतु बंद होने से पहले पीपा पुल बनाने की मांग, पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने सीएम से की मुलाकात

बलरामपुर।  देवीपाटन मंडल सहित आसपास के जिलों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए गोंडा–लखनऊ मार्ग पर घाघरा नदी पर बने संजय सेतु को यातायात के लिए बंद करने से पूर्व वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पैंटून (पीपा) पुल बनाए जाने की मांग पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा।

पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित और क्षेत्रवासियों की समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाया है तथा तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने के लिए कहा है।

मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में पूर्व सांसद ने उल्लेख किया कि संजय सेतु (घाघरा पुल) बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और गोंडा जनपदों के लिए जीवनरेखा के समान है। यह मार्ग पड़ोसी देश नेपाल तक आवागमन का प्रमुख रास्ता भी है। विभिन्न संचार माध्यमों से यह जानकारी प्रसारित हुई है कि पुल की मरम्मत के चलते आगामी 10 फरवरी से लगभग दो माह तक यातायात पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि आवागमन बंद हुआ तो सम्पूर्ण देवीपाटन मंडल सहित अन्य क्षेत्रों की जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, जिससे लोगों में भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यह सेतु न केवल व्यापारिक गतिविधियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, बल्कि गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों के लिए भी यह मार्ग जीवनरक्षक भूमिका निभाता है।
पूर्व सांसद ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि लगभग पांच दशकों से संजय सेतु इस क्षेत्र के जनजीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। उन्होंने मांग की कि यातायात बंद करने से पूर्व घाघरा नदी पर पीपा पुल का निर्माण कराया जाए, जिससे आम जनता को आवागमन में सुविधा मिल सके।
दद्दन मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए तत्काल ड्यूटी पर तैनात अधिकारी को बुलाकर प्रमुख सचिव को आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही है। पीपा पुल के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Tags