हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: छठ पूजा मनाने जा रहे परिवार के चार लोगों की मौत, इमरजेंसी व्यवस्था पर उठे सवाल

Horrific accident on Ganga Expressway in Hardoi: Four members of a family going to celebrate Chhath Puja died, questions raised on emergency arrangements.
 
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: छठ पूजा मनाने जा रहे परिवार के चार लोगों की मौत, इमरजेंसी व्यवस्था पर उठे सवाल

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई। नोएडा से प्रयागराज अपने घर छठ पूजा मनाने जा रहा परिवार सांडी क्षेत्र के अंटवा-सिसला गांव के पास हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार XUV-300 अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे में प्रयागराज निवासी सौरभ उपाध्याय (35), उनकी पत्नी मेनका (34) और दोनों बेटे शिवोम (5) व व्योम (3) की मौत हो गई। सौरभ एक निजी आईटी कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थे। त्योहार पर घर लौट रहे परिवार के साथ हुई इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

राहत और बचाव में देरी का आरोप

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने UPIDA की रिस्पांस टीम और एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया। बताया गया कि घायल बच्चे को मेडिकल कॉलेज ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में भाजपा जिला मंत्री दीपा विश्वास अपनी गाड़ी से बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गुस्साए ग्रामीणों ने पलटी पेट्रोलिंग गाड़ी

राहत और बचाव कार्य में कथित देरी से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश बाद में मौके पर पहुंची पेट्रोलिंग टीम की गाड़ी पर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पेट्रोलिंग वाहन को पलट दिया। घटना के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर आपातकालीन सहायता, एंबुलेंस की उपलब्धता और दुर्घटना के समय त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

छठ पूजा के लिए घर लौट रहे एक परिवार की दर्दनाक मौत ने एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

Tags