एमएलके पीजी कॉलेज के चार एनसीसी कैडेटों को मिली CWS स्कॉलरशिप

Four NCC cadets from MLK PG College receive CWS scholarship.
 
k[ko

बलरामपुर। एमएलके पीजी कॉलेज के चार एनसीसी कैडेटों को कैडेट वेलफेयर सोसायटी (CWS) योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। छात्रवृत्ति मिलने पर बटालियन एवं महाविद्यालय परिवार ने कैडेटों को बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया।

महाविद्यालय से वर्ष 2025 में एनसीसी का ‘सी’ प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले कैडेट सूरज चौधरी, अनुज कन्नौजिया, मीनाक्षी और नेहा चौधरी को शैक्षणिक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन तथा एनसीसी गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए CWS स्कॉलरशिप के लिए नामित किया गया था। एनसीसी निदेशालय ने चारों कैडेटों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया। इसके तहत बटालियन को प्रत्येक कैडेट के लिए 6,000 रुपये का चेक उपलब्ध कराया गया, जिसे मंगलवार को संबंधित कैडेटों को सौंपा गया।

महाविद्यालय की मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि कैडेटों की प्रतिभा और क्षमता में विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने अन्य कैडेटों का आह्वान किया कि वे भी अनुशासन, सेवा और समर्पण के साथ समाज में उदाहरण प्रस्तुत करें तथा एनसीसी के आदर्शों को अपने आचरण में उतारें।

kopiopi

महाविद्यालय के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेंद्र कुमार चौहान ने बताया कि CWS छात्रवृत्ति के लिए कैडेटों का चयन उनके शैक्षणिक प्रदर्शन, एनसीसी कैंपों में सहभागिता, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक कार्यों में योगदान जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, परिश्रम और शिक्षा के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है।

चारों कैडेटों को CWS स्कॉलरशिप मिलने पर बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल अनुराग गंजवार, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पाण्डेय सहित बटालियन के अधिकारियों एवं महाविद्यालय के शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर डॉ. एसके त्रिपाठी, डॉ. भानु प्रताप सिंह, डॉ. राजन सिंह, डॉ. अभिषेक कुशवाहा और डॉ. रिंकू सहित अन्य शिक्षक एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Tags