आलमबाग में खुला टॉपरैंकर्स का चौथा संस्थान, ‘टॉपर्स टॉक’ कार्यक्रम का आयोजन
‘टॉपर्स टॉक’ कार्यक्रम में टॉपरैंकर्स के होनहार छात्र शौर्यवर्धन और अपूर्वश्री ने अपने सहपाठियों और जूनियर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता न तो एक दिन की मेहनत से मिलती है और न ही केवल किस्मत के सहारे। इसके लिए निरंतरता, अनुशासन और समान जज़्बे के साथ की गई मेहनत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि किसी भी परीक्षा की तैयारी के लिए 12–14 घंटे पढ़ाई करना ज़रूरी नहीं, बल्कि यह अधिक महत्वपूर्ण है कि जो भी पढ़ा जाए, वह पूरी एकाग्रता और फोकस के साथ हो तथा विषय को गहराई से समझा जाए।
टॉपर्स ने छात्रों को किताबों तक सीमित न रहने की सलाह देते हुए कहा कि विषय से जुड़े समसामयिक घटनाक्रमों और व्यावहारिक उदाहरणों को समझना भी उतना ही आवश्यक है, क्योंकि प्रैक्टिकल समझ थ्योरी को और अधिक मज़बूत बनाती है। इस दौरान उन्होंने लीगलएज को धन्यवाद देते हुए उसके रिवीजन पैटर्न और अकादमिक सिस्टम की सराहना की। उन्होंने कहा कि लीगलएज एक ऐसा संस्थान है, जो रिवीजन थ्योरी, मॉक टेस्ट, कॉन्सेप्ट क्लियर क्लासेज, अनुपस्थित छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं, डाउट क्लियरिंग सेशन, वन-टू-वन मेंटरिंग और पैरेंट्स-टीचर मीटिंग पर विशेष ध्यान देता है।
इस अवसर पर लीगलएज लखनऊ के निदेशक विशाल शर्मा ने कहा कि संस्थान की हर सफलता और हर नया कदम उसके छात्र-छात्राओं की मेहनत और उनके विश्वास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि टॉपर्स टॉक कार्यक्रम और टॉपरैंकर्स के चौथे संस्थान का उद्घाटन आलमबाग में छात्रों की उल्लेखनीय उपलब्धियों के कारण संभव हो सका है।
निदेशक विशाल शर्मा ने जानकारी दी कि इस वर्ष लीगलएज के छात्रों ने एआईआर-1, एआईआर-2 और एआईआर-3 सहित टॉप-10 में कुल सात रैंक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि छात्रों और फैकल्टी की संयुक्त मेहनत, अनुशासन और समर्पण का नतीजा है।
