माध्यमिक विद्यालयों में वाइल्ड विज़डम ग्लोबल चैलेंज-2026 के लिए निःशुल्क नामांकन शुरू

कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थी होंगे पात्र, सभी बोर्ड के विद्यालय ले सकेंगे भाग
 
hhg
लखनऊ। माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों में जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से वाइल्ड विज़डम ग्लोबल चैलेंज (WWGC)-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा (माध्यमिक) कार्यालय द्वारा इस संबंध में सभी संबंधित विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

vvv

लखनऊ मंडल के विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता का 19वां संस्करण इस वर्ष "An Ocean Odyssey – From the Coastline to the Seafloor" विषय पर आधारित है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को समुद्री जैव विविधता, समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र तथा समुद्री संरक्षण के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराना है। उन्होंने बताया कि सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों के विद्यालय इस प्रतियोगिता में निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। कक्षा 6 से 9 तक के छात्र-छात्राएं इसमें भाग लेने के पात्र होंगे।


प्रतियोगिता का आयोजन पांच चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण जुलाई से सितंबर 2026 तक ऑनलाइन होगा। द्वितीय चरण राज्य स्तरीय ऑनलाइन प्रतियोगिता सितंबर-अक्टूबर 2026 में आयोजित होगी। तृतीय चरण नवंबर 2026 में जोनल स्तर पर ऑफलाइन होगा, जबकि चौथा चरण राष्ट्रीय स्तर पर ऑफलाइन आयोजित किया जाएगा। अंतिम चरण दिसंबर 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन आयोजित होगा।


प्रतिभागी विद्यार्थियों को डब्ल्यूडब्ल्यूएफ (World Wide Fund for Nature) द्वारा ई-लर्निंग सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में सफल प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र, ट्रॉफी और अन्य सम्मान प्रदान किए जाएंगे। डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि यह अभियान कक्षा स्तर से शुरू होकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।


संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने लखनऊ, लखीमपुर खीरी, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली एवं उन्नाव के जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ सभी माध्यमिक विद्यालयों में इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता कराएं।

Tags