टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विज्ञान नगरी में 22 जुलाई को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
शिविर में टीबी की समय पर पहचान और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच के लिए कई महत्वपूर्ण परीक्षण निःशुल्क किए जाएंगे। इनमें मधुमेह (डायबिटीज) जांच, एनीमिया जांच, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) परीक्षण, बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) का मूल्यांकन, छाती का एक्स-रे और थूक की जांच शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इन जांचों के माध्यम से टीबी सहित अन्य बीमारियों का प्रारंभिक स्तर पर पता लगाकर समय रहते उपचार शुरू किया जा सकता है।
शिविर के दौरान चिकित्सक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ नागरिकों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, बचाव, उपचार और समय पर जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी देंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार के टीबी मुक्त भारत संकल्प को मजबूत करना और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना है।
आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ के शिक्षा अधिकारी राम कुमार ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह पहल सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक नागरिक 8527358876, 9450140533 और 9450649701 पर संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए आने वाले सभी लोगों के लिए 22 जुलाई को विज्ञान नगरी में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
