दिल से दिल तक’ अभियान के तहत कर्नलगंज में नि:शुल्क हृदय स्वास्थ्य शिविर, 250 लोगों की हुई जांच
Under the 'Dil Se Dil Tak' campaign, a free heart health camp was organised in Colonelganj, where 250 people were examined.
Sat, 4 Apr 2026
कर्नलगंज (गोंडा)। युवाओं में तेजी से बढ़ रही मधुमेह और हृदय रोगों की समस्या को देखते हुए हिन्द इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एवं हिन्द हॉस्पिटल, बाराबंकी के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने ‘दिल से दिल तक’ नामक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के अंतर्गत श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, कर्नलगंज परिसर में नि:शुल्क हृदय स्वास्थ्य संगोष्ठी और चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव और डॉ. राहुल की टीम ने करीब 250 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों की नि:शुल्क ब्लड शुगर और ईसीजी जांच की गई तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कर्नलगंज की एसडीएम नेहा मिश्रा रहीं। उन्होंने शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यस्त जीवनशैली के कारण लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं, जिसका परिणाम बाद में गंभीर बीमारियों के रूप में सामने आता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और सही उपचार से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
हिन्द हॉस्पिटल, सफेदाबाद-बाराबंकी के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने लोगों को हृदय रोगों से बचाव के उपाय बताते हुए नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए रोजाना कम से कम 45 मिनट मॉर्निंग वॉक या व्यायाम करना जरूरी है। इसके अलावा खाने में नमक, तेल और अधिक मसालेदार वसायुक्त पदार्थों का सेवन कम करना चाहिए।
विद्यालय के प्रबंधक वी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि आज के समय में मधुमेह और हृदय रोग जैसी बीमारियां केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि युवा वर्ग भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना भी उतना ही जरूरी है। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से एसडीएम नेहा मिश्रा और डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिविर को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य जी.के. श्रीवास्तव, पंकज मिश्र, राघवेंद्र द्विवेदी, टेक्नीशियन रवि तथा हिन्द इंस्टिट्यूट के पीआरओ पंकज सिन्हा, उत्तम गुप्ता और शिल्पी पल्लवी का विशेष योगदान रहा।
