कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड में निःशुल्क जनसुविधा कैंप का आयोजन
लखनऊ। राजाजीपुरम क्षेत्र स्थित कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड में स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए निःशुल्क जनसुविधा कैंप आयोजित किया जा रहा है। वार्ड पार्षद गौरी सांवरिया द्वारा संचालित इस कैंप में आम जनता को विभिन्न सरकारी और सामाजिक सेवाओं का लाभ मुफ्त में उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह कैंप पार्षद कार्यालय एफ-2234, राजाजीपुरम, नवजीवन अस्पताल के निकट आयोजित किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं।
पूर्व पार्षद शिवपाल सांवरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि कैंप के माध्यम से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बनाए जा रहे हैं। इसके लिए लाभार्थी का वर्ष 2011 की जनगणना सूची में शामिल होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा कैंप में जीरो बैलेंस बैंक खाता खोलने, पैन कार्ड, राशन कार्ड, हेल्थ कार्ड सहित कई अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं से संबंधित सहायता भी निःशुल्क प्रदान की जा रही है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं और जनसुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
