डीडीयू-जीकेवाई प्रशिक्षण केंद्र, पारा में फ्रेशर पार्टी, विद्यार्थियों ने बिखेरी सांस्कृतिक प्रतिभा
नृत्य, नाटक, संगीत और वाद-विवाद की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, मुख्य अतिथि ने कौशल विकास और रोजगार के महत्व पर किया मार्गदर्शन
लखनऊ। डूडा कॉलोनी, पारा स्थित एजुकेटर एक्स्ट्राऑर्डिनरी लिमिटेड की पारा शाखा में संचालित डीडीयू-जीकेवाई प्रशिक्षण केंद्र में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, संगीत और वाद-विवाद सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगारंग कार्यक्रमों ने आयोजन को उत्साहपूर्ण और यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीडीसीटी ग्रुप के डायरेक्टर इंजीनियर पी. कुमार यादव ने विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उपलब्ध रोजगार के अवसरों और प्रमाण-पत्र के लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान पूरी गंभीरता और लगन के साथ सीखना चाहिए। उन्होंने बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने और अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
केंद्र प्रबंधक संतोष मौर्या ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सुशील, अंशुल, लक्ष्मी, अर्चना, अनूप, आलोक यादव, खुशबू, तनवीर, समीक्षा, नेहा, अनु, फिजा, दीपक, महक, हेमंत, रिती, कृति, ज्योति, कोमल, शिवानी, प्रियांशी और सलीम सहित केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
