श्री शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में धूमधाम से मनाया गया फ्रेशर्स समारोह ‘आरंभ 2026’

1,000 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, सूर्य कुमार बने मिस्टर फ्रेशर और महिमा त्रिपाठी को मिला मिस फ्रेशर का खिताब

 
xdfgd

लखनऊ डेस्क (आर. एल. पाण्डेय)। श्री शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (एसएसजीआई) में वार्षिक फ्रेशर्स पार्टी समारोह ‘आरंभ 2026’ भव्यता, उत्साह और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1,000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। समारोह का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी झिझक दूर करने और सहपाठियों व वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ बेहतर संबंध विकसित करने का अवसर प्रदान करना रहा।

समारोह में विद्यार्थियों ने रैंप वॉक, संगीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में नेपच्यून बैंड की लाइव प्रस्तुति ने भी समां बांधा। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सूर्य कुमार बने मिस्टर फ्रेशर, महिमा त्रिपाठी को मिला मिस फ्रेशर का ताज

समारोह का प्रमुख आकर्षण मिस्टर फ्रेशर और मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही। इसमें सूर्य कुमार को ‘मिस्टर फ्रेशर’ और महिमा त्रिपाठी को ‘मिस फ्रेशर’ के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित किया गया। विजेताओं की ताजपोशी के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

पूर्व डीजीपी विजय कुमार ने विद्यार्थियों को दिया अनुशासन का संदेश

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता के साथ अनुशासन और सत्यनिष्ठा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “कॉलेज आपको अपनी राह चुनने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन याद रखें: अनुशासन के बिना स्वतंत्रता केवल अराजकता को जन्म देती है। अपनी सत्यनिष्ठा को वर्दी की तरह धारण करें, अपने सपनों को निडर होकर पूरा करें और अपने हर कदम को हमेशा अपनी अंतरात्मा के नियमों से निर्देशित होने दें।”

उनके संबोधन ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और जीवन में नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स अक्षत भार्गव और प्रदीप वर्मा भी उपस्थित रहे। संस्थान के वाइस चेयरमैन निर्मेश सिंह, डायरेक्टर डॉ. ज्योति सिंह, डीन प्रो. (डॉ.) विवेक मिश्रा और डीन अकादमिक प्रो. अरुण कुमार शुक्ला सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। ‘आरंभ 2026’ ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को यादगार बनाते हुए विद्यार्थियों को प्रतिभा, रचनात्मकता और आपसी सौहार्द का मंच प्रदान किया। रंगारंग प्रस्तुतियों, प्रेरक संदेशों और उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ समारोह संपन्न हुआ।

Tags