स्क्रीन से पन्नों की ओर’ पठन संस्कृति महोत्सव में किताबों से जुड़ने का संदेश

प्रयागराज में राज्य स्तरीय आयोजन, विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और नियमित पठन के लिए किया गया प्रेरित
 
cvghf

प्रयागराज, 30 अगस्त 2026। विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने और उन्हें डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को शिक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के सिविल लाइन्स परिसर में राज्य स्तरीय पठन संस्कृति महोत्सव ‘स्क्रीन से पन्नों की ओर’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पुस्तकालय प्रकोष्ठ की ओर से किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव श्री पार्थ सारथी शर्मा, IAS रहे। उन्होंने शिक्षा निदेशालय परिसर स्थित सार्वजनिक पुस्तकालय का आमजन के लिए शुभारंभ किया और पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

लघु नाटिका के जरिए दिया डिजिटल स्क्रीन से दूरी का संदेश

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। विद्यार्थियों ने मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले नुकसान और पुस्तकों के नियमित अध्ययन के महत्व को केंद्र में रखकर प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत की। प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीक के संतुलित उपयोग तथा किताबों से जुड़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की रूपरेखा पुस्तकालय प्रकोष्ठ, माध्यमिक शिक्षा विभाग की विशेष कार्याधिकारी श्रीमती शान्तवना तिवारी ने प्रस्तुत की।

सामान्य ज्ञान क्विज में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

महोत्सव के प्रथम सत्र में विद्यार्थियों के लिए मौखिक सामान्य ज्ञान क्विज का आयोजन किया गया। कलाकार श्री महेश चंद्र देवा ने क्विज का संचालन किया और विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों एवं समसामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी सामान्य ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया।

इस दौरान श्री मिथिलेश लखनवी ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संदेश दिया।

समाचार-पत्रों की उपयोगिता पर हुई चर्चा

दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को समाचार-पत्रों के महत्व और उनकी उपयोगिता से परिचित कराया गया। समाचार-पत्रों में प्रकाशित विभिन्न विषयों, ज्ञानवर्धक सामग्री और समसामयिक घटनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान को व्यापक बनाने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

‘लेखक से संवाद’ में साहित्य और पठन संस्कृति पर चर्चा

महोत्सव के तीसरे सत्र में ‘लेखक से संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी शर्मा, IAS और लेखिका प्रो. नीलम शरण गौर के बीच संवाद हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्री चंद्र प्रकाश ने किया।

संवाद के दौरान साहित्य, पुस्तकों की उपयोगिता, पठन संस्कृति और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में नियमित अध्ययन की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि किताबें केवल परीक्षा की तैयारी का माध्यम नहीं, बल्कि सोचने, समझने और रचनात्मकता विकसित करने का प्रभावी साधन भी हैं।

विजेता विद्यार्थियों और शिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और पुस्तकालय अध्यक्षों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजा राम मोहन राय लाइब्रेरी फाउंडेशन, कोलकाता के पूर्व महानिदेशक श्री के.के. बनर्जी को भी सम्मानित किया गया।

तकनीक के साथ पुस्तकों से जुड़ाव जरूरी

पठन संस्कृति महोत्सव का मुख्य संदेश रहा कि आधुनिक तकनीक से पूरी तरह दूरी बनाने के बजाय उसके संतुलित उपयोग के साथ पुस्तकों और समाचार-पत्रों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए। नियमित पठन विद्यार्थियों में ज्ञान, चिंतन, कल्पनाशक्ति, भाषा कौशल और व्यक्तित्व विकास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर सचिव बेसिक शिक्षा परिषद श्री सुरेन्द्र कुमार तिवारी, अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक श्री कामता राम पाल, यूपी बोर्ड के सचिव श्री भगवती सिंह, अपर शिक्षा निदेशक बेसिक श्री मनोज कुमार द्विवेदी, विशेष कार्याधिकारी श्रीमती शान्तवना तिवारी, संयुक्त शिक्षा निदेशक श्री आर.एन. विश्वकर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक श्री जितेंद्र प्रताप सिंह एवं श्री अजय गिरी सहित बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Tags