साइबर ठगी के पीड़ित को गड़वार पुलिस ने लौटाए 59 हजार रुपये
एसबीआई खाते से 22 अक्टूबर को धोखाधड़ी कर निकाली गई थी रकम, पुलिस की साइबर टीम ने 11 नवंबर को पूरी धनराशि कराई वापस
गड़वार (बलिया)। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को गड़वार पुलिस ने राहत दिलाते हुए उनके खाते में ठगी की पूरी रकम 59 हजार रुपये वापस करा दी। पुलिस ने साइबर अपराध की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एमआरएम पोर्टल के माध्यम से धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, थाना गड़वार क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी अश्विनी कुमार पाण्डेय पुत्र लाल मोहन पाण्डेय के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) खाते से 22 अक्टूबर 2026 को धोखाधड़ी के जरिए 59 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए गड़वार पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सतीश कुमार शर्मा के निर्देशन में थानाध्यक्ष हितेश कुमार के नेतृत्व में साइबर टीम ने कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप 11 नवंबर को पीड़ित के खाते में ठगी की पूरी धनराशि 59 हजार रुपये वापस करा दी गई।
रकम वापस मिलने पर अश्विनी कुमार पाण्डेय ने बलिया पुलिस और थाना गड़वार पुलिस के प्रति आभार जताया और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक एवं साइबर प्रभारी अब्दुल हफीज, हेड कांस्टेबल भीम कुमार (कम्प्यूटर), आरक्षी विवेक कुमार यादव, आरक्षी विक्रम तिवारी, आरक्षी अभय सिंह और महिला आरक्षी जया तिवारी शामिल रहीं।
