विराम खंड-5 में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती
लखनऊ, 2 अक्टूबर 2026। गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति से संबद्ध विराम खंड-5 जनकल्याण समिति की ओर से गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर विराम खंड-5 स्थित वसंती पार्क में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम में गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति के कार्यकारी महासचिव कर्नल ए.एन. पांडेय, सचिव संजय निगम, विराम खंड-5 जनकल्याण समिति के अध्यक्ष प्रो. भरत राज सिंह तथा सचिव नित्यानंद पांडेय ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. भरत राज सिंह ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों, सादगी, सत्य, अहिंसा, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं।
समारोह में समिति के सांस्कृतिक सचिव अरुण त्रिवेदी, सदस्य अतुल पंत, विवेक सिंह, आनंद प्रकाश, विमल चंद्र श्रीवास्तव, पूर्व आईएएस अधिकारी उमेश तिवारी तथा चन्दन सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के प्रेरणादायी व्यक्तित्व तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को व्यवहार में अपनाकर स्वच्छ, सशक्त, समरस और जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। कार्यक्रम का समापन दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के संकल्प के साथ हुआ।
