गंगा एक्सप्रेसवे बना विकास का नया मार्ग, हापुड़ में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने देखा लोकार्पण प्रसारण
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरदोई से 594 किलोमीटर लंबे मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनता के साथ देखा।
बहापुर गढ़ स्याना रोड पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। इस दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला ऐतिहासिक प्रकल्प है।
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ से प्रयागराज तक की यात्रा, जो पहले 12 से 14 घंटे में पूरी होती थी, अब केवल 6 से 7 घंटे में पूरी हो सकेगी। इससे लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा, साथ ही व्यापार और परिवहन को भी नई गति मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि मेरठ के बिजौली गांव से प्रयागराज तक बनने वाला यह एक्सप्रेसवे प्रदेश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है। इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं जैसे सीसीटीवी निगरानी, इमरजेंसी सेवाएं और लड़ाकू विमानों के लिए एयर स्ट्रिप जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना प्रदेश के 12 जिलों को सीधे लाभ पहुंचाएगी और औद्योगिक विकास, निवेश तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश के तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मिले विकास के चार बड़े उपहार — जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे — का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी परियोजनाएं “विकसित उत्तर प्रदेश” की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
