चौक में गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापित, भक्ति गीतों से गूंजा पंडाल
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर चौक स्थित श्री गणेश उत्सव मंडल में गणपति बप्पा की भव्य मूर्ति की स्थापना के साथ गणेशोत्सव का शुभारंभ हुआ। मराठी समाज की ओर से आयोजित इस उत्सव में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश को मोदक और लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती कर बप्पा का आशीर्वाद लिया।
मूर्ति स्थापना के अवसर पर पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा और आरती के दौरान पूरा वातावरण गणपति बप्पा के जयकारों से भक्तिमय हो गया। आरती के पश्चात सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसके साथ ही भक्ति गीतोत्सव में श्रद्धालुओं ने भजनों के माध्यम से भगवान गणेश की आराधना की।
इस दौरान भक्तों ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली के लिए गणपति बप्पा से प्रार्थना की। आयोजन में मराठी समाज की पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिली। लखनऊ में गणेशोत्सव के दौरान मराठी परंपराओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष उपस्थिति रहती है।
सचिन माली और सुप्रिया माली ने की प्रथम स्थापना पूजा
श्री गणेश उत्सव मंडल के आयोजन में सचिन माली और सुप्रिया माली ने प्रथम स्थापना पूजा संपन्न की। पूजा-अर्चना के बाद गणपति बप्पा को भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं ने आरती में हिस्सा लिया। आयोजकों ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का भी अवसर है। उत्सव के दौरान आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की सहभागिता बनी रहेगी।
