लाखों की भीड़ के बीच संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल को मिला सम्मान, राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता ने टीम का जताया आभार
लखनऊ। ईदगाह, हैदरगंज चौराहा और मौलवीगंज में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मिले सम्मान, स्नेह और समर्थन के लिए संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
गीता गुप्ता ने कहा कि लाखों की संख्या में मौजूद जनसमूह के बीच संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल चर्चा, सम्मान और पहचान का विषय बना, जो संगठन के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय संगठन की पूरी समर्पित टीम को दिया।
उन्होंने विशेष रूप से नगर अध्यक्ष रिजवान खान, नगर वरिष्ठ महासचिव कलीम कुरैशी, निजी सचिव इमरान, प्रदेश प्रभारी कासिम कुरैशी, नगर महासचिव गुलाम मोहम्मद तथा नगर उपाध्यक्ष संजीव कुमार राठौर के योगदान की सराहना की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सभी पदाधिकारियों ने एकजुटता, अनुशासन, निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनके प्रयासों से न केवल कार्यक्रम सफल हुआ, बल्कि संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की प्रतिष्ठा और संगठनात्मक पहचान भी और मजबूत हुई।
उन्होंने कहा कि संगठन को ऐसे कर्मठ और जिम्मेदार पदाधिकारियों का सहयोग मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी एकता और अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत किया जाएगा तथा अधिक से अधिक व्यापारियों और समाज के लोगों को संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल से जोड़ा जाएगा।
गीता गुप्ता ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी पहचान है और पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सहयोग उसकी वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया।
