लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस के तरीके पता होने चाहिए : मनोज वर्मा
कुर्सी रोड स्थित स्नेहालया गर्ल्स शेल्टर होम में बच्चियों के लिए सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सिविल डिफेंस लखनऊ के अधिकारी मनोज वर्मा एवं समाजसेविका प्रतिमा सोनकर के सहयोग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित लखनऊ सिविल डिफेंस के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर एवं ताइक्वांडो प्रशिक्षक मनोज वर्मा ने बच्चियों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों से परिचित कराते हुए बताया कि ताइक्वांडो केवल एक खेल या मार्शल आर्ट नहीं, बल्कि आत्मरक्षा का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लड़की को आत्मरक्षा के लिए ताइक्वांडो सीखना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान मनोज वर्मा ने बच्चियों को विभिन्न किक, पंच और ब्लॉक तकनीकों का प्रदर्शन कर उनका व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसके बाद सभी बच्चियों ने सामूहिक रूप से अभ्यास कर सीखी गई तकनीकों का प्रदर्शन भी किया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रसिद्ध समाजसेविका प्रतिमा सोनकर ने बच्चियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि किसी भी संकट की स्थिति में आत्मविश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर जोर-जोर से आवाज लगाकर सहायता मांगनी चाहिए, जिससे समय पर मदद मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में स्नेहालया की संचालिका सिस्टर ग्रेस ने मनोज वर्मा एवं प्रतिमा सोनकर को पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा बच्चियों के हित में आयोजित इस उपयोगी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
