चिवनिंग-भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी उत्तर प्रदेश राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना" के तहत हर वर्ष पाँच छात्रों को मिलेगा यूके में मास्टर डिग्री का अवसर
लखनऊ, अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश सरकार और The Foreign Commonwealth and Development Office (FCDO) UK के बीच "चिवनिंग-भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी उत्तर प्रदेश राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना" को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी भी उपस्थित रहीं।
इस छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत हर साल प्रदेश के पाँच मेधावी विद्यार्थियों को यूनाइटेड किंगडम के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय में एक वर्षीय मास्टर डिग्री करने का अवसर मिलेगा। योजना का शुभारंभ शैक्षणिक सत्र 2025-26 से होगा और यह तीन वर्षों (2025-26, 2026-27, 2027-28) तक चलेगी। इसके बाद वर्ष 2028-29 से इसे आगे बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा।
क्या-क्या मिलेगा छात्रवृत्ति में?
-
पूर्ण शिक्षण शुल्क (ट्यूशन फीस)
-
परीक्षा व शोध शुल्क
-
रहने और खाने के लिए पर्याप्त मासिक भत्ता
-
एक बार आने-जाने का इकोनॉमी क्लास हवाई किराया
प्रति छात्र पर लगभग £38,048 से £42,076 (लगभग 45 से 48 लाख रुपये) का खर्च आएगा। इसमें से लगभग £19,800 (लगभग 23 लाख रुपये) उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा और शेष राशि FCDO UK द्वारा वहन की जाएगी।
वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता का अवसर योगेंद्र उपाध्याय
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के छात्रों को विश्वस्तरीय शिक्षा, शोध और नेतृत्व का अनुभव देना है। उन्होंने कहा भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी की प्रेरणा से शुरू की गई यह पहल विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में सहायक होगी। मैं प्रदेश के सभी मेधावी छात्रों से आग्रह करता हूँ कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर उत्तर प्रदेश और भारत का गौरव बढ़ाएँ।”
