गोयल कैंपस में आयोजित हुआ "ग्लोबल एजुकेशन फेयर & करियर गाइडेंस 2025-26"

कार्यक्रम का शुभारंभ ZIES की संस्थापक निदेशिका सुश्री जेबा परवीन, गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री महेश अग्रवाल और विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रीना पाठक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर देश-विदेश की लगभग 18 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्रों को विभिन्न करियर विकल्पों, आवश्यक योग्यताओं और वैश्विक अवसरों के बारे में जानकारी दी। मेले का मुख्य उद्देश्य कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना तथा उन्हें उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए मार्गदर्शन देना था।

लखनऊ के करीब 25 विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने प्रतिनिधियों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। इस दौरान अभिभावक, विषय-विशेषज्ञ और शिक्षा क्षेत्र के अधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

कार्यक्रम के समापन पर चेयरमैन श्री महेश अग्रवाल और प्रधानाचार्या डॉ. रीना पाठक ने सभी मेहमानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं पौधे भेंट कर शिक्षा मेले का समापन किया।
