गोमती नगर जनकल्याण महासमिति की बैठक में विकास कार्यों और संगठन विस्तार पर अहम फैसले
महासमिति का नाम बदलकर ‘लखनऊ महासमिति’ करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाने पर भी सहमति
लखनऊ। गोमती नगर जनकल्याण महासमिति की प्रबंध समिति की बैठक विशिष्ट सदस्य पंडित यज्ञदेव शर्मा के आवास, 3/205 विपुल खंड में आयोजित की गई। बैठक में गोमती नगर की नागरिक समस्याओं, विकास कार्यों की निगरानी, संगठनात्मक विस्तार और महासमिति के संविधान में संशोधन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक की शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को धन्यवाद देने के प्रस्ताव से हुई। महासमिति की ओर से भेजे गए अनुरोधों को स्वीकार कर उन पर कार्यवाही कराने के लिए रक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
सफाई, जलभराव और विकास कार्यों पर चर्चा
बैठक में गोमती नगर में साफ-सफाई के लिए नियुक्त एजेंसी के कार्यों पर असंतोष जताया गया। सदस्यों ने कहा कि विभिन्न विभागों की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों की पूर्व सूचना महासमिति के पदाधिकारियों को नहीं दी जाती है। जलभराव की समस्या रोकने के लिए नालियों को मुख्य नाले से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
चिनहट वार्ड-1 और वार्ड-2 में विवाद के कारण विकास कार्यों में आ रही बाधाओं पर चर्चा हुई। निधि के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और सभी 110 वार्डों के समूह बनाकर विकास कार्यों का विवरण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, उपखंड समितियों की बैठकों के साथ महासमिति को संबंधित खंड समितियों की समस्याओं की सूची उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। विनीत खंड-6 में मौजूदा सीवर लाइन अनुपयोगी होने के कारण उसे बदलने के प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने समर्थन दिया।
संगठनात्मक ढांचे में बदलाव पर सहमति
महासमिति के बढ़ते कार्यक्षेत्र को देखते हुए प्रबंध समिति की चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने और संगठन में विभिन्न पदों की संख्या बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई। जिन समितियों में अभी तक चुनाव नहीं हुए हैं, वहां चुनाव कराने का अनुरोध किया गया।
बैठक में निम्नलिखित संगठनात्मक प्रस्तावों को मंजूरी दी गई:
-
वर्तमान सचिवों की संख्या चार से बढ़ाकर छह करना।
-
उपाध्यक्षों की संख्या दो से बढ़ाकर चार करना।
-
युवा सचिव के पद का चयन करना।
-
सांस्कृतिक सचिव के पद पर महिला पदाधिकारी नियुक्त करना।
-
मीडिया प्रभारियों की संख्या बढ़ाकर चार करना।
-
सलाहकार समिति में दो सदस्यों को शामिल करना।
-
कोषाध्यक्ष की सहायता के लिए सहायक कोषाध्यक्ष का पद सृजित करना।
-
संगठन सचिवों की संख्या दो से बढ़ाकर चार करना।
विवेक जी को विपुल खंड-1 से खंड-6 तक की समितियों का खंड प्रभारी बनाए जाने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
संविधान संशोधन और अनुशासनिक समिति पर निर्णय
महासमिति के संविधान में वित्तीय वर्ष की अवधि एक अप्रैल से 31 मार्च तक निर्धारित करने पर सहमति बनी। अनुशासनिक समिति में दो नए नाम शामिल करने के लिए पंडित यज्ञदेव शर्मा, डॉ. बी.एन. सिंह, राघवेंद्र शुक्ला, कर्नल ए.एन. पांडे और राकेश जेटली को अधिकृत किया गया। इसके साथ ही महासमिति के वार्षिकोत्सव से संबंधित लंबित भुगतान को भी अनुमोदन प्रदान किया गया।
महासमिति का नाम बदलने का प्रस्ताव पारित
बैठक में राकेश त्यागी ने महासमिति के विस्तृत होते कार्यक्षेत्र को देखते हुए संगठन का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा। चर्चा के बाद उन्होंने अपनी आपत्ति वापस लेते हुए प्रस्ताव पर सहमति जताई। इसके बाद ‘लखनऊ महासमिति (पूर्ववर्ती गोमती नगर जनकल्याण महासमिति)’ नाम रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह भी तय किया गया कि यदि प्रस्तावित नाम के संबंध में कोई संवैधानिक बाधा उत्पन्न होती है, तो समिति वैकल्पिक नाम प्रस्तावित कर सकेगी।
गोमती नगर में वृहद स्विमिंग पूल बनाने का प्रस्ताव
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के माध्यम से एससीआर के जरिए गोमती नगर में एक वृहद स्विमिंग पूल के निर्माण का प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी। प्रस्तावित स्विमिंग पूल में दो वर्ष के बच्चों से लेकर 70 वर्ष तक के लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई।
दिवंगत लोगों को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक में महासमिति की अनुशासनिक समिति के सदस्य न्यायाधीश डी.पी. अरोड़ा एवं उनकी धर्मपत्नी सहित महासमिति, उपखंड समितियों, गोमती नगर के अन्य निवासियों तथा जनप्रतिनिधियों के परिजनों के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंत में अध्यक्ष डॉ. बी.एन. सिंह ने समापन संबोधन में महासमिति के कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह सक्रियता के साथ जनहित में काम करते रहने का आह्वान किया।
ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में महासमिति के अध्यक्ष डॉ. बी.एन. सिंह, उपाध्यक्ष राकेश त्यागी, महासचिव डॉ. राघवेंद्र शुक्ला, कार्यकारी महासचिव कर्नल ए.एन. पांडे, सचिव सी.जी. नायर, के.के. मौर्य और संजय निगम, कोषाध्यक्ष पी.एन. पांडे, संगठन सचिव अरुण कुमार और अभिनव शुक्ला, सांस्कृतिक सचिव आर.डी. मौर्य, प्रचार सचिव अजय तिवारी तथा मीडिया प्रभारी राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
