गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति की प्रबंध समिति की बैठक 11 अक्टूबर को, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Meeting of the Gomti Nagar Jan Kalyan Mahasamiti's managing committee on October 11; several key issues to be discussed.
 
गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति की प्रबंध समिति की

लखनऊ। गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति की प्रबंध समिति की कार्यकारिणी की बैठक 11 अक्टूबर 2026, रविवार को सुबह 10:30 बजे पंडित जी के आवास, 3/205, विपुल खंड, गोमतीनगर में आयोजित की जाएगी। बैठक में गोमतीनगर क्षेत्र से जुड़े नागरिक एवं विकास संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक में पिछली प्रबंध समिति की बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ महासचिव की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसमें वृक्षारोपण, घर-घर तिरंगा यात्रा, चिनहट वार्ड में सफाई व्यवस्था, सड़कों पर बहते सीवर और सीवेज व्यवस्था सहित कई विषय शामिल हैं।

महासचिव की रिपोर्ट में यह मुद्दा भी रखा जाएगा कि लखनऊ स्वच्छता अभियान द्वारा चिनहट वार्ड में सफाई व्यवस्था संभालने के बाद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था के प्रभावित होने की स्थिति पर चर्चा की जाए। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर सड़कों पर बह रहे सीवर और सीवेज व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।

गोमतीनगर फेज-2 की समस्याओं पर होगी चर्चा

बैठक में विक्रांत खंड और गोमतीनगर फेज-2 में विकास कार्यों की स्थिति का मुद्दा भी उठाया जाएगा। आंतरिक सड़कों, नालियों, फुटपाथों, पार्कों तथा पार्कों में टूटे झूलों सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की समस्याओं पर चर्चा प्रस्तावित है।

महासमिति की ओर से जोन-4 और नगर निगम मुख्यालय में शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी चर्चा की जाएगी। एजेंडे में केवल पत्राचार तक सीमित रहने के बजाय समस्याओं के प्रभावी समाधान की आवश्यकता पर विचार किया जाएगा।

कार्य शुरू होने से पहले आवासीय समितियों को जानकारी देने की मांग

बैठक में कालोनियों में विकास कार्य स्वीकृत होने के बाद आवासीय समितियों को जानकारी दिए बिना ठेकेदारों द्वारा काम शुरू किए जाने के विषय पर भी चर्चा होगी।

महासमिति द्वारा कार्य शुरू होने से पहले निम्नलिखित जानकारियां उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विचार किया जाएगा—

  • कार्य कराने वाली एजेंसी का नाम
  • संबंधित ठेकेदार का विवरण और संपर्क नंबर
  • कार्य की स्वीकृति एवं निर्धारित मानक
  • स्वीकृत कार्य की कुल लागत
  • संबंधित अभियंता का नाम और संपर्क नंबर

संविधान संशोधन और आगामी चुनाव पर भी मंथन

बैठक के एजेंडे में महासमिति के संविधान में संशोधन के प्रारूप पर चर्चा और उसकी स्वीकृति का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके साथ ही महासमिति के आगामी चुनाव के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी के चयन पर विचार किया जाएगा।

इसके अलावा महासमिति की भावी योजनाओं, प्रबंध समिति के पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली तथा समिति के सदस्यों से प्राप्त सुझावों और बिंदुओं पर चर्चा होगी। कोषाध्यक्ष की रिपोर्ट भी बैठक में प्रस्तुत की जाएगी।

बैठक के अंत में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी। अध्यक्ष द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के बाद बैठक का समापन होगा। साथ ही महासमिति के पूर्व कार्यकर्ताओं अथवा उनके परिवार के सदस्यों के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

डॉ. राघवेंद्र शुक्ल
महासचिव, गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति

Tags