गोमतीनगर विवेक खंड-3 व 4 जनकल्याण समिति ने हर्षोल्लास से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर गोमतीनगर विवेक खंड-3 व 4 जनकल्याण समिति की ओर से अभिषेक मेमोरियल पार्क, विवेक खंड-4 में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
समिति की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नौनिहालों प्रिशा जायसवाल एवं कृतिका जायसवाल के कर-कमलों से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। तिरंगा लहराते ही पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को नमन किया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
समिति के सचिव रूप कुमार शर्मा ने बताया कि बच्चों में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के उद्देश्य से समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष बच्चों के हाथों ध्वजारोहण कराया जाता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
समारोह में समिति के उपाध्यक्ष ए.के. खंडेलवाल, राजेश कुमार अधौलिया, आलोक मिश्रा, बाल गोविन्द पालीवाल, सचिव रूप कुमार शर्मा, सुब्रत रॉय, सतीश कुमार सेठ, विनोद कुमार पाण्डेय, एस.के. श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार वार्ष्णेय, बी.डी. भट्ट, अशोक जायसवाल, के.आर. गुप्ता, रणवीर सिंह, कैलाश चंद्र गुप्ता, सुनील कुमार सक्सेना, मनोज बोस, वी.के. अबरॉल, बी.डी. अरोड़ा एवं गिरीश गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
महिला शक्ति की ओर से रेखा शर्मा, सुनीता सहित अन्य महिलाओं ने भी समारोह में सहभागिता की। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया। समारोह ने क्षेत्र में देशभक्ति, सामाजिक एकता और नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार बनाने का संदेश दिया।
