गोपाल विट्टल फिर चुने गए GSMA बोर्ड के चेयरमैन, दिसंबर 2028 तक संभालेंगे जिम्मेदारी
2027-2028 के कार्यकाल के लिए बोर्ड ने जताया भरोसा, मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले और राल्फ मुपिता को-डिप्टी चेयर की भूमिका निभाएंगे
लखनऊ, 3 नवंबर 2026। वैश्विक मोबाइल उद्योग से जुड़े संगठन जीएसएमए (GSMA) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने गोपाल विट्टल को आगामी 2027-2028 बोर्ड कार्यकाल के लिए एक बार फिर चेयरमैन चुना है। उनका नया कार्यकाल दिसंबर 2028 तक रहेगा। विट्टल पिछले 10 वर्षों से जीएसएमए बोर्ड के सदस्य हैं और वर्ष 2025 से चेयर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
जीएसएमए वैश्विक मोबाइल ऑपरेटर्स और व्यापक मोबाइल इकोसिस्टम से जुड़ी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है। संगठन के चेयरमैन के रूप में गोपाल विट्टल इसकी रणनीतिक दिशा का मार्गदर्शन करेंगे। बोर्ड ने मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले को को-डिप्टी चेयर चुना है। वह राल्फ मुपिता के साथ यह जिम्मेदारी निभाएंगी, जिन्हें इस पद पर दोबारा चुना गया है।
पुनर्नियुक्ति पर गोपाल विट्टल ने कहा कि जीएसएमए बोर्ड के चेयरमैन के रूप में दूसरी बार चुना जाना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मोबाइल उद्योग एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां उन्नत नेटवर्क, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ओपन डिजिटल प्लेटफॉर्म आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
विट्टल के मुताबिक, मौजूदा दौर में उद्योग की सबसे बड़ी प्राथमिकता सुरक्षा है। बढ़ते साइबर खतरों के बीच देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, ग्राहकों को स्कैम और धोखाधड़ी से बचाना तथा उद्योग को टिकाऊ बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से मोबाइल उद्योग भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तकनीक में निवेश जारी रख सकेगा और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बेहतर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर पाएगा।
उन्होंने जीएसएमए टीम और बोर्ड के सदस्यों के साथ इस एजेंडे को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही, को-डिप्टी चेयर राल्फ मुपिता और मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले के अनुभव, व्यापक भौगोलिक समझ और विशेषज्ञता को संगठन के लक्ष्यों के लिए महत्वपूर्ण बताया। गोपाल विट्टल का दोबारा चयन ऐसे समय में हुआ है, जब वैश्विक मोबाइल उद्योग उन्नत नेटवर्क, एआई, डिजिटल प्लेटफॉर्म और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रहा है।
