इस्कॉन लखनऊ में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया गोपाष्टमी महोत्सव

मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने सुनाई भगवान श्रीकृष्ण की गौचारण लीला, गौसेवा और गौ संरक्षण का दिया संदेश

 
इस्कॉन लखनऊ में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया गोपाष्टमी महोत्सव

लखनऊ। श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर, इस्कॉन लखनऊ में गोपाष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभुजी के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की गौचारण लीला का स्मरण किया और गौसेवा एवं गौ संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश प्राप्त किया।

इस अवसर पर मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने गोपाष्टमी की धार्मिक महत्ता बताते हुए कहा कि मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गौचारण लीला प्रारंभ की थी। वे गायों के पीछे-पीछे नंगे पैर चला करते थे। भगवान के चरणों की धूल से वृंदावन की धरती पावन हुई।

o00

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को समृद्धि और सेवा का प्रतीक माना गया है। जिस घर में प्रतिदिन गाय के लिए भोजन निकाला जाता है, वहां सेवा और करुणा की भावना विकसित होती है। उन्होंने गौमाता के प्रति सम्मान और गौसेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

8878

अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने गोपाष्टमी के अवसर पर गौशालाओं को दान देने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं से गौशालाओं की सहायता करने और गौ संरक्षण के कार्यों में अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि करुणा, संवेदना और जीवों के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी है। कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से प्रेरणा लेते हुए गौमाता के प्रति सम्मान, सेवा और संरक्षण का संदेश दिया गया।

Tags